केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि तकनीक वस्त्रों के निर्यात को तीन साल में दो अरब डॉलर से 5 गुना बढ़ाकर 10 अरब डॉलर करने का लक्ष्य रखने का समय आ गया है।
उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा कि हमें कपड़ा निर्माण में सर्वोत्तम मानकों पर काम करना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय व घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बने वस्त्रों की गुणवत्ता में कोई अंतर नहीं होना चाहिए।
वित्त मंत्रालय ने अगले वित्त वर्ष के बजट के लिए उद्योगों और व्यापार निकायों से कराधान पर सुझाव मांगे हैं। व्यापार एवं उद्योग संगठनों को भेजे पत्र में मंत्रालय ने प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष कर दोनों की शुल्क संरचना में बदलाव, दरों और कर आधार को व्यापक करने के बारे में सुझाव आमंत्रित किए हैं। यह भी बताना होगा कि आर्थिक रूप से इनकी क्यों जरूरत है। सुझाव 15 नवंबर, 2021 तक भेजने हैं।
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 29 अक्तूबर को 1.919 अरब डॉलर बढ़कर 642.019 अरब डॉलर पहुंच गया। आरबीआई ने शुक्रवार को बताया कि विदेशी मुद्रा संपत्ति (एफसीए) बढ़ने से भंडार में इजाफा हुआ है। इस दौरान एफसीए 1.363 अरब डॉलर बढ़कर 578.462 अरब डॉलर पहुंच गया।
राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) ने गेल को ओएनजीसी त्रिपुरा पावर कंपनी (ओटीपीसी) में दिवालिया हो चुकी इन्फ्रास्ट्रक्चर लीजिंग एंड फाइनेंशियल सर्विसेज (आईएलएंडएफएस) की 26% हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दे दी। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
ब्रिटेन की तेल और गैस कंपनी केयर्न एनर्जी पीएलसी दिसंबर के मध्य से अपना नाम बदलकर कैप्रिकॉन एनर्जी पीएलसी करेगी। उस समय कंपनी का एक अरब डॉलर का पिछली तारीख का कर विवाद बंद हो जाएगा। केयर्न एनर्जी ने अपनी घरेलू इकाई केयर्न इंडिया को 2011 में वेदांता समूह को बेच दिया था।
इमामी लिमिटेड ने कहा कि प्रवासी मजदूरों के काम पर शहरों को लौटने से पिछले तीन से चार सप्ताह से ग्रामीण बाजारों में बिक्री में थोड़ी सुस्ती आई है। कंपनी के कार्यकारी निदेशक मोहन गोयनका ने कहा कि ग्रामीण बाजार में बिक्री में उछाल आने का इंतजार है।