कैबिनेट ने 2023 सीजन के लिए कोपरा (नारियल) के न्यूनतम समर्थन मूल्य को मंजूरी दी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने 2023 सीजन के लिए कोपरा के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को मंजूरी दे दी है। यह अनुमोदन कृषि लागत और मूल्य आयोग की सिफारिशों व प्रमुख नारियल उत्पादक राज्यों की मांगों के आधार पर किया गया है।
2023 सीजन के लिए, मिलिंग कोपरा (सूखे नारियल का गोला) की उचित औसत गुणवत्ता के लिए 10860/- रुपये प्रति क्विंटल और बॉल कोपरा के लिए 11750/- रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी निर्धारित किया गया है। पिछले सीजन की तुलना में यह मिलिंग कोपरा के लिए 270/- रुपये प्रति क्विंटल और बॉल कोपरा के लिए 750/- रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है।
यह अखिल भारतीय भारित औसत उत्पादन लागत पर मिलिंग कोपरा के लिए 51.82 प्रतिशत और बॉल कोपरा के लिए 64.26 प्रतिशत का लाभ सुनिश्चित करेगा। 2023 सीजन के लिए कोपरा की घोषित एमएसपी बजट 2018-19 में सरकार की ओर से घोषित उत्पादन की अखिल भारतीय भारित औसत लागत के कम-से-कम 1.5 गुना के स्तर पर एमएसपी तय करने की प्रतिबद्धता के तहत यह फैसला लिया गया है।
भारत न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में महावाणिज्य दूतावास खोलेगा, कैबिनेट की मंजूरी
भारत जल्द ही ऑकलैंड में महावाणिज्य दूतावास खोलेगा। बता दें कि न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय रहते हैं। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में ऑकलैंड में भारत का महावाणिज्य दूतावास खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
इसमें कहा गया है कि वाणिज्य दूतावास के 12 महीने के भीतर खुलने और पूरी तरह से शुरू होने की संभावना है। वर्तमान में ऑकलैंड में भारत का एक काउंसुलेट है, जिसका नेतृत्व एक मानद वाणिज्य दूत करते हैं। महावाणिज्य दूतावास खुलने से महावाणिज्य दूत की नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त होगा, यह पद आमतौर पर भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के एक अधिकारी के पास होता है।
भारत व इटली के बीच बढ़ेगी विद्यार्थियों, कारोबारियों व पेशेवरों की आवाजाही
मंत्रिमंडल ने भारत व इटली सरकारों के बीच प्रवासन एवं आवाजाही समझौते पर हस्ताक्षर व उसकी पुष्टि से संबंधित विदेश मंत्रालय के प्रस्ताव को पूर्वव्यापी मंजूरी दे दी। इस समझौते से परस्पर संपर्क में वृद्धि होगी तथा विद्यार्थियों, कुशल कामगारों, कारोबारियों व युवा पेशेवरों की आवाजाही को बढ़ावा मिलेगा। दोनों पक्षों के बीच अनियमित प्रवासन से संबंधित मुद्दों पर सहयोग को मजबूती मिलेगी। समझौते पर 2 नवंबर, 2023 को विदेश मंत्री एस जयशंकर व उनके इतालवी समकक्ष एंटोनियो तजानी ने हस्ताक्षर किए थे।
इस समझौते से इटली में शैक्षणिक/व्यावसायिक प्रशिक्षण पूरा करने के बाद प्रारंभिक पेशेवर अनुभव हासिल करने के इच्छुक भारतीय विद्यार्थियों को 12 महीने तक इटली में अस्थायी निवास की अनुमति प्राप्त हो सकेगी। फ्लो डिक्री (गैर यूरोपीय कामगारों का वार्षिक कोटा) के तहत इतालवी पक्ष ने 2023, 2024 व 2025 के लिए 5000, 6000 व 7000 नॉन सीजनल भारतीय कामगारों का कोटा आरक्षित किया है। इसके अलावा, इतालवी पक्ष ने 2023, 2024 व 2025 के लिए 3000, 4000 व 5000 मौसमी भारतीय कामगारों का कोटा आरक्षित किया है।
भारत व मलेशिया प्रसारण में बढ़ाएंगे सहयोग
कैबिनेट ने भारत व मलेशिया के बीच प्रसारण में सहयोग के लिए हुए समझौते को मंजूरी दी। प्रसार भारती व रेडियो टेलीविजन मलेशिया (आरटीएम) के बीच एमओयू/समझौते पर 07 नवंबर, 2023 को हस्ताक्षर हुए थे। कैबिनेट को बताया गया कि दोनों देशों के बीच प्रसारण, समाचारों के आदान-प्रदान व ऑडियो-विजुअल कार्यक्रमों के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने की अपार क्षमता है। समझौते से मलेशिया के साथ भारत के मैत्रीपूर्ण संबंधों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इसके साथ ही प्रसार भारती द्वारा विभिन्न देशों के साथ हुए एमओयू की कुल संख्या 46 हो गई है।