फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजनेस अपडेट्स: पीएम मोदी व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर के लिए दिसंबर में कनाडा जाएंगे; सीईपीए अहम रणनीतिक कदम

Wed, 23 Sep 2026 05:47 AM IST
ज्योति भास्कर बिजनेस डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
बिजनेस न्यूज एंड अपडेट्स - फोटो : amarujala.com
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल दिसंबर में कनाडा की यात्रा कर सकते हैं। इस संभावित दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और आर्थिक संबंधों को और सुदृढ़ करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी दिसंबर में कनाडा का दौरा कर सकते हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देना और चल रहे व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) से जुड़े अहम समझौतों को अंतिम रूप देना है। हाल के महीनों में भारत और कनाडा के शीर्ष नेतृत्व के बीच लगातार बैठकों और रणनीतिक वार्ताओं के बाद इस संभावित यात्रा को द्विपक्षीय संबंधों में बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है।

विज्ञापन

बांग्लादेश से तस्करी कर लाया जा रहा 17 करोड़ का 12 किलो सोना जब्त
राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के साथ मिलकर बांग्लादेश के रास्ते भारत में तस्करी कर लाए जा रहे करीब 12 किलो विदेशी सोने को जब्त किया है। जब्त सोने की कीमत करीब 17 करोड़ रुपये बताई गई है। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार, पश्चिम बंगाल और बिहार में सीमा से जुड़े कई स्थानों पर DRI ने कार्रवाई की। इस दौरान सीमा क्षेत्र के अलावा एक ट्रेन यात्री के पास से भी विदेशी सोना बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि बांग्लादेश सीमा का इस्तेमाल लगातार सोने की अवैध तस्करी के लिए किया जा रहा है।

एक अन्य बयान में मंत्रालय ने बताया कि DRI ने देशभर में सात अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान कुल 21 किलो विदेशी मूल का सोना जब्त किया है। इसकी कीमत 61 करोड़ रुपये से ज्यादा है। इन मामलों में पांच लोगों को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा DRI ने न्हावा शेवा बंदरगाह पर करीब 10 हजार किलो पटाखे भी जब्त किए हैं। इनकी कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है। पटाखों को बोतलों के घोषित माल के पीछे छिपाकर लाया गया था। कार्रवाई में सिंडिकेट के एक प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन

भारत ने 20 देशों के साथ कुशल नौकरियों की जरूरत के अनुसार तैयार किया कौशल मैप
भारत सरकार विदेशों में भारतीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) की वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार मनीषा सेंसरमा ने बताया कि भारत ने करीब 20 देशों के साथ अलग-अलग कुशल नौकरियों की जरूरत के अनुसार कौशल और जॉब रोल को जोड़ा है। उन्होंने वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 के दौरान ANI से बातचीत में कहा कि कई देशों में बुजुर्ग आबादी बढ़ रही है। ऐसे में वहां प्रशिक्षित कर्मचारियों की जरूरत बढ़ रही है। भारत इस मांग को समझकर अपने कुशल कर्मचारियों को विदेशों में रोजगार दिलाने की तैयारी कर रहा है।

सेंसरमा के अनुसार, केयरगिविंग, निर्माण क्षेत्र और अन्य कुशल व अर्ध-कुशल कामों में विदेशों में भारतीय कर्मचारियों की मांग है। खासकर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और दूसरे देशों में ऐसे कामों के अवसर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि सरकार भारतीय युवाओं के लिए विदेश में रोजगार का रास्ता खुला रखना चाहती है। भारत में प्रशिक्षण के मानकों को भी अंतरराष्ट्रीय जरूरतों के अनुरूप बनाया जा रहा है, ताकि कर्मचारी देश के साथ-साथ विदेशों में भी रोजगार की जरूरत पूरी कर सकें। वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 में भारत की ओर से 70 प्रतियोगी 63 कौशल श्रेणियों में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता 22 से 27 सितंबर तक आयोजित हो रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें