अलास्का एयरलाइंस में पांच जनवरी को हुई भयावह घटना हर किसी को याद होगी। जब विमान का विंडो पैनल फ्लाइट टेकऑफ होने के बाद अचानक उड़ गया था। घटना के तुरंत बाद बोइंग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डेव कैलहौन ने अपनी गलती स्वीकार की थी और कहा था कि घटना की पूरी पारदर्शिता के साथ जांच होगी। तीन महीने बीत जाने के बाद भी शायद बोइंग के सीईओ इस हादसे से नहीं उभर पाए हैं क्योंकि उन्होंने 28 लाख डॉलर बोनस लेने से मना कर दिया है।
कंपनी का बयान
कंपनी के सुरक्षा दस्तावेजों में शुक्रवार को बताया गया कि कंपनी को साल 2023 में मुआवजे के रूप में 3.3 करोड़ डॉलर मिले। जबकि डेव कैलहौन ने अलास्का एयरलाइंस की घटना के बाद करीब 28 लाख डॉलर बोनस लेने से मना कर दिया। इसके अलावा, कैलहौन को मूल वेतन 14 लाख डॉलर मिला, जबकि तीन करोड़ डॉलर से अधिक स्टॉक पुरस्कारों से प्राप्त हुआ। बताया जा रहा है कि इस साल के अंत तक ही वह काम करेंगे।
बोइंग के वार्षिक प्रॉक्सी स्टेटमेंट में यह पूरी जानकारी दी गई है।
यह है पांच जनवरी की घटना
अलास्का एयरलाइंस द्वारा संचालित बोइंग 737 मैक्स 9 में उस समय बड़ी खराबी आ गई थी जब पोर्टलैंड, ओरेगन से होनोलूलू, हवाई की उड़ान के दौरान एक आपातकालीन दरवाजा खुल गया था। यह दरवाजा 16,000 फीट की ऊंचाई पर खुलकर गिर गया, जिससे विमान के किनारे में एक बड़ा छेद बन गया और यात्रियों को हवा के दबाव में अचानक गिरावट का सामना करना पड़ा।
अलास्का एयरलाइंस की उड़ान संख्या 1282 में 171 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। विमान की सिएटल-टैकोमा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग कराई गई, गनीमत यह रही कि हादसे में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने सभी बोइंग 737 मैक्स नौ विमानों को उड़ान फिर से शुरू करने से पहले केबिन डोर एग्जिट प्लग, डोर कंपोनेंट्स और फास्टनरों के निरीक्षण का आदेश दिया था।
यूनाइटेड एयरलाइंस और अलास्का एयरलाइंस केवल दो अमेरिकी वाहक हैं जो विमान के इस मॉडल का संचालन करते हैं। दोनों एयरलाइनों ने अपने कुछ मैक्स नौ विमानों में ढीले हार्डवेयर मिलने की सूचना दी है।
सालाना प्रोत्साहन भुगतान के लिए किया इनकार
बोइंग ने कहा, अलास्का एयरलाइंस की घटना को देखते हुए कैलहौन ने सालाना प्रोत्साहन भुगतान के लिए विचार करने से इनकार कर दिया और बोर्ड ने उस अनुरोध को मान लिया।
डेव कैलहौन पद से इस्तीफा देंगे
गौरतलब है , 25 मार्च को बोइंग ने एलान किया था मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेव कैलहौन अपने पद से इस्तीफा देंगे। कंपनी ने कहा था कि वे हाल में हुई कई सुरक्षा घटनाओं में जांच का सामना कर रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा कारणों के चलते कंपनी ने प्रबंधन में बदलाव का निर्णय किया है। इसी बदलाव के क्रम में डेव कैलहौन इस साल के आखिरी तक अपना पद छोड़ देंगे।