धारावी के निवासियों को पुनर्विकास के बाद मिलेंगे 350 वर्ग फुट के फ्लैट: अदाणी समूह
अदाणी समूह ने सोमवार को कहा कि वह मुंबई के धारावी झुग्गी बस्तियों के पात्र निवासियों को 350 वर्ग फुट के नए फ्लैट की पेशकश करेगा। महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से धारावी झुग्गियों का पुनर्विकास कर रहे अदाणी समूह ने दावा किया कि झुग्गी पुनर्विकास परियोजनाओं के हिस्से के रूप में पेश की जाने वाली फ्लैट के आकार से यह "17 प्रतिशत अधिक" है। अदाणी ने एक बयान में कहा नए फ्लैटों में एक रसोई और शौचालय होगा। पहले अनौपचारिक बस्तियों के निवासियों को 269 वर्ग फुट के घर दिए गए थे। 2018 से, राज्य सरकार ने उन्हें 315-322 वर्ग फुट के घर देना शुरू किया।
पुनर्विकास क्षेत्र में सामुदायिक हॉल, मनोरंजक क्षेत्र, सार्वजनिक उद्यान, डिस्पेंसरी और बच्चों के लिए डेकेयर सेंटर भी होंगे।
पात्र निवासियों का निर्धारण करने के लिए जनवरी, 2000 को कट-ऑफ तिथि मानने का निर्णय लिया गया है। "अयोग्य निवासियों" को राज्य सरकार के मानदंडों के अनुसार, प्रस्तावित किफायती किराया आवास नीति के तहत आवास प्रदान किया जाएगा।
धारावी पुनर्विकास परियोजना एक स्पेशल पर्पस व्हीकल है, जिसे अदाणी समूह और महाराष्ट्र सरकार के बीच एक संयुक्त उद्यम के रूप में गठित किया गया है। कंपनी ने नवंबर 2022 में एशिया में सबसे बड़े झुग्गी समूहों के पुनर्निर्माण का अनुबंध अपने नाम किया था।
कच्चे तेल पर विंडफाल टैक्स में कटौती
केंद्र सरकार ने कच्चे तेल पर विंडफाल टैक्स में कटौती की है और इसे 1,700 रुपये (20.53 डॉलर) प्रति टन कर दिया है। अभी यह 2,300 रुपये प्रति टन है। सरकार की तरफ से जारी अधिसूचना में यह जानकारी दी गई है। विंडफाल टैक्स की नई दर 16 जनवरी से प्रभावी होगी।