2024-25 में म्यूचुअल फंड उद्योग का एयूएम 23% बढ़कर 65.74 लाख करोड़ रुपये पहुंचा। मजबूत निवेश प्रवाह और बाजार वृद्धि के चलते यह रिकॉर्ड बना। एसआईपी निवेश में भी 45% उछाल आया, जिससे इसकी परिसंपत्तियां 13.35 लाख करोड़ और हिस्सेदारी 20.31% हो गई।
म्यूचुअल फंड उद्योग की संपत्तियों (एयूएम) का आकार 2024-25 में सालाना आधार पर 23 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 65.74 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। 2023-24 में एयूएम 53.40 लाख करोड़ था। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, इक्विटी एवं डेट बाजारों में तेजी के बीच शुद्ध 8.15 लाख करोड़ के मजबूत प्रवाह और निवेश के बाजार मूल्य (एमटीएम) में वृद्धि से होने वाले लाभ के कारण एयूएम बढ़ा है।
विज्ञापन
संपत्ति आधार में तेज उछाल निवेशकों और म्यूचुअल फंड कंपनियों की बढ़ती संख्या में भी देखने को मिला है। इस अवधि में म्यूचुअल फंड फोलियो की संख्या रिकॉर्ड 23.45 करोड़ पहुंच गई और निवेशक आधार भी करीब 5.67 करोड़ हो गया।
एसआईपी निवेश में 45.24 फीसदी वृद्धि
सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) के जरिये म्यूचुअल फंड में निवेश 2024-25 में सालाना आधार पर 45.24 फीसदी बढ़कर 2.89 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। एमटीएम लाभ के साथ इस पर्याप्त वृद्धि ने एसआईपी परिसंपत्तियों को 24.6 फीसदी बढ़ाकर 13.35 लाख करोड़ रुपये कर दिया। इससे म्यूचुअल फंड उद्योग के एयूएम में एसआईपी की हिस्सेदारी 20.31 फीसदी पहुंच गई।