सितंबर के अंत या फिर अक्तूबर की शुरुआत में एयर इंडिया और विस्तारा एयरलाइंस का विलय हो सकता है। एयर इंडिया और विस्तारा एयरलांइस के विलय का असर 600 गैर उड़ान कर्मचारियों की नौकरी पर पड़ सकता है। सूत्रों का कहना है कि इन कर्मचारियों को एयर इंडिया समूह और टाटा की कंपनियों में नौकरी दी जा सकती है। एयर इंडिया और विस्तारा के साथ फिलहाल 23,000 कर्मचारी काम कर रहे हैं।
600 कर्मचारियों की नौकरी पर पड़ सकता है असर
इस मामले से जुड़े एक सूत्र ने जानकारी दी है कि दोनों एयरलाइंस के विलय से 600 कर्मचारियों की नौकरी पर असर पड़ सकता है। जिन कर्मचारियों की नौकरी पर असर पड़ेगा, उन्हें एयर इंडिया या टाटा समूह की कंपनियों में नियुक्ति दी जा सकती है। जिन कर्मचारियों को इन दोनों समूहों में नौकरी नहीं मिलेगी, उन्हें स्वैच्छिक रूप से अलग होने के लिए एक विशेष पैकेज प्रदान किया जाएगा।
सितंबर या अक्तूबर में हो सकता है विलय
इस विलय से कितने लोगों की नौकरी पर असर पड़ेगा, इसे लेकर प्रकिया जारी है। बताया गया है कि विलय होने के बाद ही सही आंकड़े सामने आ पाएंगे। माना जा रहा है कि सितंबर महीने के अंत में या अक्तूबर की शुरूआत में एयर इंडिया और विस्तारा एयरलाइंस का विलय हो सकता है।
12 मई को हुई थी मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की बैठक
इससे पहले 12 मई को एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैंपबेल विल्सन और विस्तारा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनोद कन्नन के बीच एक बैठक हुई थी। उस समय, विल्सन और कन्नन, दोनों ने अपने कर्मचारियों को आश्वासन दिया था कि मौजूदा कर्मचारियों विलय के बाद योग्यता के आधार पर नियुक्त किया जाएगा। इस विलय के होने से एक बड़े एयरलाइन समूह का गठन होगा। आपको बता दें कि विलय की घोषणा वर्ष 2022 के नवंबर महीने में की गई थी।