चालू वित्त वर्ष में 5 फीसदी तक बढ़ सकती हैं मकानों की कीमतें
देशभर में मकानों की कीमतें चालू वित्त वर्ष के दौरान पांच फीसदी तक बढ़ सकती है। इस दौरान बिक्री में भी 8-10 फीसदी तक की तेजी आ सकती है। रेटिंग एजेंसी इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च ने रिपोर्ट में कहा, 2024-25 के लिए आवासीय क्षेत्र की कीमतों में कोई बहुत बड़ा बदलाव नहीं होने वाला है।
एजेंसी ने मंगलवार को एक रिपोर्ट में कहा, चालू वित्त वर्ष में वृद्धि दर कम हो सकती है। आवासीय रियल एस्टेट ने बीते वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों (अप्रैल-दिसंबर) के दौरान मजबूत प्रदर्शन किया। मूल्य वृद्धि और स्थिर ब्याज दरों के बावजूद देश के शीर्ष आठ शहरों में मकानों की बिक्री में सालाना आधार पर 25 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी देखने को मिली है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अधिकांश क्षेत्रों में कीमतों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान प्रीमियम और लग्जरी सेगमेंट में बनकर तैयार मकानों की संख्या बढ़ी है।
दूरसंचार कंपनियों की कमाई तीसरी तिमाही में बढ़कर 67,835 करोड़
दूरसंचार कंपनियों की कमाई तीसरी तिमाही (अक्तूबर-दिसंबर) में 1.8 फीसदी बढ़कर 67,835 करोड रुपये पहुंच गई। दूरसंचार नियामक ट्राई के आंकड़ों के मुताबिक, सालाना आधार पर कुल राजस्व में 82 फीसदी राजस्व दूरसंचार सेवाओं से आया है। मंगलवार को आंकड़ों में बताया गया है कि भारती एयरटेल का राजस्व 3.2 फीसदी बढ़कर 20,480 करोड़ पहुंच गया। रिलायंस जियो का राजस्व 2.7 फीसदी बढ़कर 24,862 करोड़ रुपये रहा है। हालांकि, वोडाफोन आइडिया का राजस्व मामूली गिरकर 7,459 करोड़ रहा।
महिंद्रा फाइनेंस की शाखा में 150 करोड़ की धोखाधड़ी
महिंद्रा फाइनेंस की एक शाखा में खुदरा वाहन ऋण पोर्टफोलियो में लगभग 150 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कुछ लोगों की गिरफ्तार भी किया गया है। इसका पता चलने पर कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक स्थगित कर दी गई। मार्च तिमाही और 2023-24 के वित्तीय नतीजों को मंजूरी देने के लिए महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेज के बोर्ड की मंगलवार को बैठक होने वाली थी। कंपनी ने शेयर बाजार को बताया, बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के अंतिम दिनों में उसके पूर्वोत्तर में स्थित एक शाखा में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। खुदरा वाहन ऋण वितरण के संबंध में हुई धोखाधड़ी में केवाईसी दस्तावेजों की जालसाजी की गई। इससे कंपनी के धन का गबन हुआ। मामले में जांच अग्रिम चरण में है। अनुमान है कि इस धोखाधड़ी से 150 करोड़ रुपये तक का वित्तीय असर पड़ने की आशंका है।
यूनाइटेड स्पिरिट को 29.6 करोड़ का नोटिस
यूनाइटेड स्पिरिट को हरियाणा एक्साइज और कर प्राधिकरण से 29.69 करोड़ रुपये का वैट नोटिस मिला है। इसमें 13.47 करोड़ रुपये का ब्याज है। कंपनी ने बताया कि मामला 2020-21 का है। वह इसका मूल्यांकन कर रही है और संबंधित प्राधिकरण के पास अपील दायर करेगी।
एनएसई का डेरिवेटिव कांट्रैक्ट आज से होगा शुरू
एनएसई निफ्टी नेक्स्ट 50 इंडेक्स पर बुधवार से डेरिवेटिव कांट्रैक्ट की शुरुआत करेगा। एक्सचेंज तीन सीरियल मासिक इंडेक्स फ्यूचर और ऑप्शन की पेशकश हो सकती है। डेरिवेटिव कांट्रैक्ट का कैश निपटान महीने के अंतिम शुक्रवार को होगा।
सात कंपनियों ने किया पीएलआई के लिए आवेदन
बैटरी विनिर्माण सुविधा स्थापित करने के लिए रिलायंस, जेएसडब्ल्यू, नियो एनर्जी सहित कुल सात कंपनियों ने पीएलआई योजना के तहत आवेदन किया है। ये कंपनियां 10 गीगावाट क्षमता स्थापित करने के लिए 3,620 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी।
टीसीआईएल से सरकार को मिले 3,443 करोड़
टेलीकम्युनिकेशंस कंसल्टेंट्स इंडिया लि. (टीसीआईएल) से सरकार को 3,443 करोड़ का लाभांश मिला है। कंपनी दूरसंचार मंत्रालय के तहत आती है। सरकार ने चालू वित्त वर्ष में केंद्रीय सार्वजनिक उद्यमों से 48,000 करोड़ लाभांश पाने का लक्ष्य रखा है।