पाकिस्तान द्वारा अपनी वायुसीमा को भारतीय विमानों के लिए बंद कर देने से एयर इंडिया को रोजाना 13 लाख रुपये का नुकसान हो रहा है। पाकिस्तान ने 26 फरवरी को बालाकोट में भारतीय वायु सेना द्वारा हवाई हमला करने के बाद अपनी वायु सीमा को बंद कर दिया था।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री हरदीप पुरी ने लोकसभा को बताया कि एयर इंडिया की सहयोगी कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस को 22 लाख रुपये का नुकसान हो रहा है। पुरी ने लोकसभा को बताया कि इससे फ्लाइट के समय में भी 15 मिनट का इजाफा हो गया है। हालांकि इसके बावजूद कंपनी ने हवाई किराये में किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं की है।
इससे पहले एयर इंडिया ने रोजाना छह करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जताई थी। पाकिस्तान द्वारा अपनी हवाई क्षेत्र को भारत के लिए बंद करने से भारतीय विमानन कंपनियों को 548 करोड़ का घाटा हुआ है।
इस कारण खाड़ी देशों, पश्चिम-मध्य एशिया सहित कई देशों को जाने वाली भारतीय एयरलाइंस की फ्लाइट को अरब सागर का चक्कर लगाते हुए जाना पड़ रहा है। पाकिस्तान के वायुसीमा बंद करने से भारतीय एयरलाइंस को नुकसान उठाना पड़ रहा है।