200 अरब डॉलर के पार अडानी समूह का बाजार पूंजीकरण।
- फोटो : अमर उजाला
एक ओर जहां कमाई के मामले में भारतीय उद्योगपति गौतम अडानी झंडे गाड़ रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर उनके समूह अडानी ग्रुप ने एक और उपलब्धि हासिल की है। दरअसल, इस समूह का बाजार पूंजीकरण 200 अरब डॉलर से ज्यादा हो गया है और यह उपलब्धि हासिल करने वाला यह भारत का तीसरा समूह बन गया है।
उच्चतम स्तर पर पांच कंपनियों के शेयर
इस संबंध में जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक, अडानी समूह की सात कंपनियां शेयर बाजार में लिस्टेड हैं। इनमें से से पांच के शेयर गुरुवार को अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंच गए, इसके साथ ही अडानी समूह उन कंपनियों की सूची में शामिल हो गया जिसका कुल बाजार पूंजीकरण 200 अरब डॉलर से अधिक है। अडानी ग्रुप की पांच कंपनियों का मार्केट कैप एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है, वहीं दो कंपनियों अडानी पावर और अडानी विलमर का मार्केट कैप क्रमशः 98,000 करोड़ रुपये और 82,000 करोड़ रुपये है। बता दें कि अडानी समूह से ज्यादा बाजार पूंजीकरण सिर्फ टाटा और रिलायंस का है।
टाटा समूह का मार्केट कैप सबसे ज्यादा
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) से प्राप्त आंकड़ों पर नजर डालें तो अडानी ग्रुप की सातों लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप गुरुवार को 201 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। वहीं इस सूची में पहले पायदान पर टाटा समूह का कब्जा है। फिलहाल, टाटा ग्रुप का मार्केट कैप 320 अरब डॉलर है। इसके मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस समूह का नंबर आता है। रिलायंस ग्रुप का मौजूदा बाजार पूंजीकरण 237 अरब डॉलर है। यानी इस मामले में रिलायंस दूसरे पायदान पर बना हुआ है। विशेषज्ञों की मानें तो इस क्लब में शामिल होने वाले अडानी समूह को कंपनी के शेयरों में तेजी का जोरदार फायदा हुआ है।
कंपनी के शेयरों में आ रही मजबूती
इस साल अभी तक अडानी समूह की कंपनियों के शेयरों में तेजी की बात करें तो अडानी पावर में 157 फीसदी, अडानी टोटल गैस में 50 फीसदी, अडानी ग्रीन एनर्जी में 67 फीसदी, अडानी ट्रांसमिशन में 51 फीसदी, अडानी पोर्ट्स एंड सेज में 17 फीसदी और अडानी एंटरप्राइजेस में 28 फीसदी की मजबूती दर्ज की गई है। इसके अलावा अडानी विलमर लिमिटेड इस साल फरवरी में 230 रुपये के इश्यू प्राइस के साथ लिस्ट हुई थी। तब से इसका शेयर 180 फीसदी मजबूत हो चुका है। गौरतलब है कि इस साल गौतम अडानी कमाई के मामले में विश्व के शीर्ष अरबपतियों से आगे निकल गए हैं और टॉप-10 अरबपतियों की सूची में नौवें पायदान पर पहुंच गए हैं।