इन्फोसिस के संस्थापक एनआर नारायण मूर्ति ने हाल ही में अपने पांच महीने के पोते एकाग्र रोहन मूर्ति को कंपनी के 15 लाख शेयर तोहफे में दिए थे। अब कंपनी की ओर से अपने शेयरों पर डिविडेंड का एलान किए जाने पर उन्हें बड़ा फायदा मिलने वाला है। आईटी कंपनी ने अपने शेयरों पर 28 रुपये प्रति शेयर का (लाभांश) डिविडेंड देने का एलान किया है, इस घोषणा से पांच महीने के एकाग्र के खाते में करीब 4.20 करोड़ रुपये मिलने की संभावना है।
मूर्ति ने अपने पोते को 240 करोड़ रुपये मूल्य के 15 लाख शेयर उपहार में दिए थे। गिफ्ट में मिलने इन शेयरों के कारण एकाग्र महज पांच महीने की उम्र में भारत की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी के सबसे कम उम्र के करोड़पति शेयरधारक बन गए थे।
इन्फोसिस बोर्ड ने गुरुवार को वित्त वर्ष 2024 के लिए 20 रुपये प्रति शेयर के अंतिम लाभांश और 8 रुपये प्रति शेयर के विशेष लाभांश की सिफारिश की है। इंफोसिस ने चौथी तिमाही की आय जारी करते हुए कहा, ''इससे वित्त वर्ष 2020-24 के दौरान कुल भुगतान मुक्त नकदी प्रवाह का 85 प्रतिशत होगा, जो पहले घोषित हमारी पूंजी आवंटन नीति के अनुरूप है।"
इंफोसिस ने बताया कि वार्षिक आम बैठक और अंतिम लाभांश और विशेष लाभांश के भुगतान की रिकॉर्ड तिथि 31 मई, 2024 है। लाभांश का भुगतान 1 जुलाई, 2024 को किया जाएगा। गणना से पता चलता है कि 28 रुपये प्रति शेयर की दर से लाभांश मिलने से सबसे कम उम्र के करोड़पति एकाग्र को करीब 4.2 करोड़ रुपये मिलेंगे। नारायण मूर्ति के पोते एकाग्र रोहन मूर्ति और उनकी पत्नी अपर्णा कृष्णन के बेटे हैं। बेटी अक्षता मूर्ति और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की बेटियों के रूप में उनकी दो नातियां भी हैं।