उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक का आईपीओ 12 दिसंबर को शेयर बाजार में सूचीबद्ध हो गया। यह ऐसा आईपीओ है, जिसके लिए आईआरसीटीसी से ज्यादा आवेदन मिले हैं। बैंक के शेयर ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर अपने 37 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस पर 56.76 फीसद के प्रीमियम के साथ 58 रुपये पर कारोबार शुरू किया है। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर यह इश्यू प्राइस पर 58.78 फीसद के प्रीमियम के साथ 58.75 रुपये पर लिस्ट हुआ। कंपनी ने शेयर मूल्य दायरा 36-37 रुपये प्रति शेयर तय किया था। इसका लॉट साइज 400 शेयरों का है।
उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक का आईपीओ पहले दिन ही बीएसई पर 76 फीसदी सब्सक्राइब हो गया, जिसमें खुदरा निवेशकों ने 4.34 गुणा ज्यादा आवेदन किया है। एनएसई पर यह आईपीओ 1.75 गुणा ज्यादा सब्सक्राइब हो गया। पहले ही दिन आईपीओ को कुल इश्यू साइज 12.39 करोड़ शेयर के मुकाबले 13.55 करोड़ से ज्यादा शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। यह दूसरा स्मॉल फाइनेंस बैंक है, जो शेयर बाजार में लिस्ट हुआ है। इससे पहले एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक लिस्ट हो चुका है।
उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक का आईपीओ दो दिसंबर को खुला था और चार दिसंबर को यह बंद होगा। इश्यू के लिए प्रति शेयर 36-37 रुपये का प्राइस बैंड रखा गया है और लॉट साइज 400 शेयर का है। यानी निवेशकों को कम से कम 14,800 रुपये का निवेश करना होगा। इसके लिए रिटेल निवेशकों के लिए 10 फीसदी हिस्सा रिजर्व है। वहीं शेयर-होल्डर्स के लिए 75 करोड़ रुपये के शेयर रिजर्व हैं। इस आईपीओ के जरिए बैंक का 1200 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य है।
यह दो महीने में तीसरा आईपीओ है, जिसकी जबरदस्त ओपनिंग हुई है। इससे पहले आईआरसीटीसी और सीएसबी बैंक का आईपीओ आया था। इन दोनों के बाद उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक का आईपीओ भी पहले ही दिन फुल सब्स्क्राइब हो गया। इस साल 13 आईपीओ आए, जिसमें से 12 ने पॉजिटीव रिटर्न दिया है। सीएसबी बैंक का आईपीओ 87 गुना ज्यादा सब्स्क्राइब हुआ था।