सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 0.71 फीसदी की बढ़त के साथ 272.51 अंक ऊपर 38900.80 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.73 फीसदी ऊपर 82.75 अंकों की बढ़त के साथ 11470.25 के स्तर पर बंद हुआ।
रुपये में 73 पैसे का जोरदार उछाल
घरेलू शेयर बाजारों में तेजी तथा अमेरिकी मुद्रा के कमजोर होने से अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 73 पैसे उछला फॉरेक्स कारोबारियों ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक ने नकदी पर दबाव को कम करने के लिए विभिन्न कदमों की घोषणा की जिससे रुपये को गति मिली। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 73.18 प्रति डॉलर पर खुला। लेकिन कारोबार के दौरान रुपये को गति मिली और अंत में यह 73 पैसे की जोरदार बढ़त के साथ 72.87 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 73.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
अगस्त में बढ़ीं विनिर्माण गतिविधियां
भारत की विनिर्माण गतिविधियों में अगस्त में वृद्धि दर्ज हुई है। कारोबारी परिचालन शुरू होने के बाद उत्पादन में सुधार, नए ऑर्डर तथा उपभोक्ता मांग बेहतर होने से विनिर्माण गतिविधियां भी बढ़ी हैं। आईएचएस मार्किट इंडिया का विनिर्माण खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) अगस्त में बढ़कर 52 हो गया है। यह जुलाई में 46 पर था। इससे बाजार प्रभावित हुआ।
एजीआर पर टेलीकॉम कंपनियों को मिली बड़ी राहत
सुप्रीम कोर्ट ने एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू (एजीआर) मामले में सुनवाई करते हुए टेलीकॉम कंपनियों को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने कंपनियों को एजीआर बकाया चुकाने के लिए 10 साल का समय दिया है। इस निर्णय से वोडाफोन आइडिया और एयरटेल को खासा राहत मिली है। दूरसंचार कंपनियों को बकाया चुकाने के लिए यह समय कुछ शर्तों के साथ दिया गया है। इसके बाद टेलीकॉम कंपनियों के शेयर में बदलाव आया।
एयरटेल के शेयर में बढ़त
517.50 के स्तर पर खुलने के बाद भारती एयरटेल के शेयर में 7.09 फीसदी (36.40 अंक) की जोरदार बढ़त देखी गई और यह 549.50 के स्तर पर बंद हुआ। जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 513.10 के स्तर पर बंद हुआ था।
वोडाफोन आइडिया के शेयर में गिरावट
वोडाफोन आइडिया की बात करें, तो 10.80 के स्तर पर खुलने के बाद कंपनी के शेयर में 13.73 फीसदी (1.40 अंक) की गिरावट आई और यह 8.80 के स्तर पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिन यह 10.20 के स्तर पर बंद हुआ था।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज जेएसडब्ल्यू स्टील, हिंडाल्को, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी, टाटा स्टील, सिप्ला, एसबीआई, बजाज फिन्सर्व, डॉ़क्टर रेड्डी और कोटक बैंक के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं आईटीसी, आईसीआईसीआई बैंक, एचसीएल टेक, बजाज ऑटो, कोल इंडिया, आईओसी, टीसीएस, जी लिमिटेड और टेक महिंद्रा के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज पीएसयू बैंक, आईटी और प्राइवेट बैंक के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें मेटल, एफएमसीजी, ऑटो, फार्मा, रियल्टी मीडिया, बैंक और फाइनेंस सर्विस शामिल हैं।
हरे निशान पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 142.22 अंक यानी 0.37 फीसदी ऊपर 38770.51 के स्तर पर खुला था और निफ्टी 0.67 फीसदी यानी 76.80 अंकों की बढ़त के साथ 11464.30 के स्तर पर खुला था।
पिछले कारोबारी दिन गिरावट पर बंद हुआ था बाजार
भारत-चीन सीमा पर फिर झड़प की खबरों के बाद सोमवार को शेयर बाजार जोरदार गिरावट पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 2.13 फीसदी की गिरावट के साथ 839.02 अंक नीचे 38628.29 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 2.62 फीसदी नीचे 305.15 अंकों की गिरावट के साथ 11342.45 के स्तर पर बंद हुआ था।