शेयर बाजार में सोमवार को मजबूती से शुरुआत देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों अच्छी तेजी के साथ खुले। सेंसेक्स में फिलहाल 210 अंकों और निफ्टी 48 अंकों की तेजी के साथ कारोबार करते हुए देखा गया। वहीं रुपया एक बार फिर से 72 के करीब पहुंच गया है। सेंसेक्स 36170 के स्तर पर और निफ्टी 10850 के आसपास कारोबार कर रहा है।
निफ्टी का ऑटो इंडेक्स 0.3 फीसदी, एफएमसीजी इंडेक्स 0.3 फीसदी, मेटल इंडेक्स 1.6 फीसदी और फार्मा इंडेक्स 0.7 फीसदी की बढ़त दिखा रहे है। मेटल और फार्मा इंडेक्स ही आज बाजार को लीड करते नजर आ रहे हैं।
दिग्गज शेयरों के साथ ही आज मिड और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी देखने को मिल रही है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.3 फीसदी की बढ़त के साथ 14545.31 के स्तर पर नजर आ रहा है।
71.79 पर खुला रुपया
डॉलर के मुकाबले रुपये की शुरुआत सोमवार को बढ़त के साथ हुई है। डॉलर के मुकाबले रुपया 11 पैसे की मजबूती के साथ 71.79 के स्तर पर खुला है।