लोकसभा चुनाव में जनता का प्रचंड विश्वास जीतने वाले नरेंद्र दामोदरदास मोदी ने गुरुवार शाम सात बजे बतौर प्रधानमंत्री अपनी दूसरी पारी का शानदार आगाज किया। मोदी सरकार के गठन के बाद आज शेयर बाजार में जोरदार तेजी आई।
दिग्गज शेयरों की बात करें तो भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, कोल इंडिया, जेएसडब्ल्यू स्टील, बर्जर पेंट्स, इंडिगो, टाटा स्टील और एचपीसीएल के स्टॉक्स हरे निशान के साथ खुले। वहीं, गिरावट वाले दिग्गज शेयरों की बात करें तो इनमें ओएनजीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और एचयूएल के स्टॉक्स शामिल हैं।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें तो सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन सभी सेक्टर्स हरे निशान के साथ खुले। इनमें आईटी, फार्मा, इंफ्रा, मेटल, बैंक, ऑटो और एनर्जी शामिल हैं।
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन प्री ओपन के दौरान सेंसेक्स में 128.01 अंक यानी 0.32 फीसदी की बढ़त देखी गई थी, जिसके बाद सेंसेक्स 39959.98 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी में 55.70 अंक यानी 0.47 फीसदी की बढ़त हुई थी, जिसके बाद ये 12001.60 के स्तर पर था।
शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया बढ़त के साथ खुला। 11 पैसे की बढ़त के बाद रुपया 69.76 के स्तर पर खुला। वहीं इससे पहले डॉलर के मुकाबले रुपया 69.87 के स्तर पर बंद हुआ था।
गुरुवार को 36.91 अंकों की बढ़त के बाद सेंसेक्स 39538.96 के स्तर पर खुला था। बात अगर निफ्टी की करें तो सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन 14.60 अंकों की बढ़त के बाद निफ्टी 11875.70 के स्तर पर खुला था।