रिलायंस इंडस्ट्रीज के नतीजों से पहले शेयर बाजार की तेजी पर ब्रेक लग गया। सेंसेक्स 135 अंक टूट गया, वहीं निफ्टी में भी कमजोरी देखने को मिली। सेंसेक्स 39140 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 34 अंकों की कमजोरी के साथ 11752 के स्तर पर बंद हुआ।
जेट एयरवेज के बंद होने का असर भी शेयर बाजार में देखने को मिला। जेट का शेयर अपने 52 हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंच गया। जेट के शेयर में गुरुवार को 30 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। तेल और गैस सेक्टर को छोड़कर आज सभी सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट देखने को मिली है। निफ्टी के रियल्टी इंडेक्स 2.5 फीसदी, मेटल इंडेक्स 1.3 फीसदी, एफएमसीजी इंडेक्स 0.6 फीसदी और मीडिया इंडेक्स में 2.2 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। बैंक निफ्टी के सभी 12 शेयरों में बिकवाली का दबाव रहा। रियल्टी, मेटल और पावर शेयर आज सबसे ज्यादा टूटे है।
आरबीएल बैंक का मुनाफा 39 फीसदी बढ़ा
निजी क्षेत्र के आरबीएल बैंक ने बृहस्पतिवार को कहा कि 2018-19 की मार्च तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 39 फीसदी बढ़कर 247.2 करोड़ रुपये रहा। बैंक ने 2017-18 की मार्च तिमाही में 178.10 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था।
बैंक द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि 2019 की मार्च तिमाही में उसकी कुल आय 41 फीसदी बढ़कर 1,148 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 812.40 करोड़ रुपये था। इसके साथ ही मार्च तिमाही में बैंक का एनपीए पिछले वर्ष के 1.40 फीसदी से घटकर 1.38 फीसदी रहा है। बैंक ने बताया कि समीक्षा अवधि में उसकी ब्याज से आय 48 फीसदी बढ़कर 738.70 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले 500.50 करोड़ रुपये है।