शुक्रवार को हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार में मजबूती से शुरुआत हुई। सेंसेक्स 480 अंक उछल गया, वहीं रुपये में 29 पैसे की मजबूती देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी 1.5 फीसदी तक चढ़े हैं। निफ्टी 10,400 के करीब पहुंचने में कामयाब हुआ है और सेंसेक्स 34,450 के ऊपर पहुंच गया है।
सेंसेक्स 487 अंक की तेजी के साथ 34,489 के स्तर पर और निफ्टी 159 अंक उछाल के साथ 10,394 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी दिख रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 2 फीसदी चढ़ा है, जबकि निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में भी 2 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है।
कारोबार के दौरान दिग्गज शेयरों में एमएंडएम, रिलायंस इंडस्ट्रीज, यस बैंक, मारुति, आईटीसी, एक्सिस बैंक, एसबीआई, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, एचयूएल, ओएनजीसी में तेजी है। वहीं टीसीएस और इंफोसिस में गिरावट है।
73.83 पर खुला रुपया
रुपया 29 पैसे मजबूत होकर 73.83 के स्तर पर खुला है। डॉलर के मुकाबले रुपये में गुरुवार भी बढ़त दिखी थी। डॉलर के मुकाबले रुपया गुरुवार को 8 पैसे बढ़कर 74.12 के स्तर पर बंद हुआ था।