इस गिरावट का प्रमुख कारण बैंकिंग शेयरों की पिटाई होना था।
सेंसेक्स आज अपने ऊपरी स्तर से करीब 568 अंक टूट गया, वहीं निफ्टी भी 181 अंक गिर गया। आखिर में सेंसेक्स 236 अंक और निफ्टी 74 अंक गिरकर 33775 व 10378 पर बंद हुए।
निफ्टी ने लगाया 10302 अंकों का गोता
आज के कारोबार में निफ्टी ने 10,302.75 तक गोता लगाया जबकि सेंसेक्स 33,354.4 तक लुढ़का था। इस तरह दिन के निचले स्तरों से निफ्टी में 75 अंकों की रिकवरी देखने को मिली है जबकि सेंसेक्स 220 अंकों रिकवर हुआ है।
सरकारी बैंकों की हुई सबसे ज्यादा पिटाई
पीएनबी में हुए फ्रॉड की वजह से सभी सरकारी बैंकों के शेयरों में गिरावट नजर आ रही है। जिसके चलते बाजार में दबाव बना है। इलाहाबाद बैंक, पीएनबी, यूनियन बैंक, सिंडिकेट बैंक, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, ओरिएंट बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा में कमजोरी से निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 5.65 फीसदी टूट गया है।
मिडकैप शेयरों में दिखा दबाव
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी दबाव नजर आया है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 1 फीसदी गिरकर 16,429 के स्तर पर बंद हुआ है। निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स भी 1.1 फीसदी की गिरावट के साथ 19,491 के स्तर पर बंद हुआ है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 1 फीसदी तक कमजोर होकर 17,857 के स्तर पर बंद हुआ है।
निवेशकों के डूबे 344 करोड़ रुपये
पीएनबी घोटाले की आंच अब ज्वेलरी कंपनियों पर भी पहुंच गई है। शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन गीतांजलि जेम्स के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। वहीं बैंकिंग शेयरों का भी बुरा हाल रहा। गीतांजलि के शेयरों में लोअर सर्किट लगने की वजह से निवेशकों के 344 करोड़ डूब गए।