आज सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार सपाट स्तर पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 4.89 अंकों (0.01 फीसदी) की मामूली तेजी के साथ 55,949.10 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 2.25 अंकों (0.01 फीसदी) की बढ़त के साथ 16,636.90 के स्तर पर बंद हुआ। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 107.97 अंक या 0.19 फीसदी नीचे आया।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो दिनभर के कारोबार के बाद ब्रिटानिया, टाटा कंज्यूमर, बीपीसीएल, एचडीएफसी लाइफ और रिलायंस के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं हिंडाल्को, मारुति, भारती एयरटेल, जेएसडब्ल्यू स्टील और एसबीआई के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें तो आज एफएमसीजी, फाइनेंस सर्विस, बैंक, रियल्टी और प्राइवेट बैंक हरे निशान पर बंद हुए। वहीं मेटल, आईटी, पीएसयू बैंक, फार्मा, ऑटो और मीडिया लाल निशान पर बंद हुए।
शुरुआती कारोबार में सपाट स्तर पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार सपाट स्तर पर खुला था। सेंसेक्स 2.91 अंकों (0.01 फीसदी) की मामूली तेजी के साथ 55947.12 के स्तर पर खुला। निफ्टी 2.80 अंकों (0.02 फीसदी) की बढ़त के साथ 16637.50 के स्तर पर खुला था।
बुधवार को सपाट स्तर पर बंद हुए थे सेंसेक्स-निफ्टी
बुधवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार सपाट स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स 14.77 अंकों (0.03 फीसदी) की मामूली गिरावट के साथ 55,944.21 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 10.05 अंकों (0.06 फीसदी) की बढ़त के साथ 16,634.65 के स्तर पर बंद हुआ था।
सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से सात कंपनियों का बढ़ा बाजार पूंजीकरण
बीते सप्ताह सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से सात कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में 1,31,173.41 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, एसबीआई और विप्रो का स्थान रहा।