आज सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को शेयर बाजार दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद लाल निशान पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक से पहले निवेशक सतर्क रहे। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 77.94 अंकों (0.13 फीसदी) की गिरावट के साथ 58,927.33 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 15.35 अंकों (0.09 फीसदी) की गिरावट के साथ 17,546.65 के स्तर पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह सेंसेक्स 710 अंक या 1.21 फीसदी चढ़ा था।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो दिनभर के कारोबार के बाद कोल इंडिया, टेक महिंद्रा, हिंडाल्को, टाटा मोटर्स और एम एंड एम के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं नेस्ले इंडिया, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक, ओएनजीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें तो आज एफएमसीजी, फाइनेंस सर्विस, बैंक और प्राइवेट बैंक के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें ऑटो, पीएसयू बैंक, मीडिया,आईटी, मेटल, फार्मा और रियल्टी शामिल हैं।
इस हफ्ते इन कारकों से तय होगी बाजार की दिशा
शेयर बाजार की दिशा वैश्विक रुख से तय होगी। निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों पर फैसले पर रहेगी। इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों के रुख, डॉलर के मुकाबले रुपये के उतार-चढ़ाव और ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों से भी घरेलू बाजार की दिशा तय होगी।
शुरुआती कारोबार में लाल निशान पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार लाल निशान पर खुला। सेंसेक्स 33.84 अंक या 0.06 फीसदी की गिरावट के साथ 58971.43 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी 11.80 अंकों (0.07 फीसदी) की मामूली गिरावट के साथ 17550.20 के स्तर पर खुला था।
पिछले सत्र में हरे निशान पर बंद हुआ था बाजार
पिछले सत्र में शेयर बाजार दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद हरे निशान पर बंद हुआ। सेंसेक्स ने दोबारा 59 हजार का स्तर छुआ। सेंसेक्स 514.34 अंकों (0.88 फीसदी) की तेजी के साथ 59,005.27 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 165.10 अंकों (0.95 फीसदी) की बढ़त के साथ 17,562.00 के स्तर पर बंद हुआ था। गुरुवार को यह पहली बार 59,000 अंक के स्तर पर पहुंचा था।