बकरीद के त्योहार से पहले शेयर बाजार में सपाट कारोबार देखने को मिला। हालांकि इसके बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी अपने उच्चतम स्तर पर बंद हुए। वहीं सोने में भी 180 रुपये की मजबूती देखी गई। सेंसेक्स 7 अंक की मामूली बढ़त के साथ 38,286 के स्तर पर और निफ्टी 19 अंक चढ़कर 11,571 के स्तर पर बंद हुआ है।
बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.5 फीसदी चढ़कर बंद हुआ है, जबकि निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.2 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.3 फीसदी बढ़कर बंद हुआ है। दिग्गज शेयरों में यूपीएल, टेक महिंद्रा, कोल इंडिया, ग्रासिम, ल्यूपिन, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, सन फार्मा और विप्रो 4.4-1.5 फीसदी तक चढ़कर बंद हुए हैं।
मिडकैप शेयरों में कमिंस, टोरेंट पावर, जीएसके कंज्यूमर, ग्लेनमार्क और एबीबी इंडिया 6.7-4.3 फीसदी तक उछलकर बंद हुए हैं। स्मॉलकैप शेयरों में सिक्वेंट साइंटिफिक, पॉलि मेडिक्योर, सुवेन लाइफ, कजारिया सिरामिक्स और एडलैब्स एंटरटेनमेंट 11.9-10.2 फीसदी तक मजबूत होकर बंद हुए हैं।
त्योहारों में बढ़ी मांग से सोना 180 रुपये मजबूत
त्योहार के कारण घरेलू बाजार में तेज हुई खरीदारी व विदेशों से मजबूत रुझान से मंगलवार को सराफा बाजार में सोने का भाव 180 रुपये बढ़कर 30,600 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा। वहीं औद्योगिक इकाइयों व सिक्का निर्माताओं की ओर से तेज उठान से चांदी 50 रुपये मजबूत होकर 38,150 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही।
विश्व स्तर पर, सिंगापुर में सोना 0.33 फीसदी की वृद्धि के साथ 1,194 डॉलर प्रति औंस व चांदी 0.31 फीसदी की तेजी के साथ 14.78 डॉलर प्रति औंस पर देखी गई। विशेषज्ञों के अनुसार घरेलू हाजिर बाजार में त्योहारों के मौसम के कारण बढ़ी मांगों को पूरा करने के लिए घरेलू आभूषण निर्माताओं द्वारा की जा रही खरीद से सोने के भाव में तेजी बनी है।