सोमवार को शेयर बाजार में फिर से बहार लौट आई। पिछले हफ्ते कमजोर शुरुआत होने के बाद इस हफ्ते निफ्टी पहली बार 11500 के पार जाने के कामयाब रहा। रुपये में भी 32 पैसे का उछाल देखने को मिला और यह 70 से नीचे कारोबार करते हुए देखा गया
सेंसेक्स 221 अंक की मजबूती के साथ 38,169 के स्तर पर और निफ्टी 56 अंक चढ़कर 11,527 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.5 फीसदी तक उछला है, जबकि निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.4 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.3 फीसदी चढ़ा है।
दिग्गज शेयरों में एलएंडटी, कोल इंडिया, यस बैंक, ओएनजीसी, एचपीसीएल और टाटा स्टील 3.8-1.4 फीसदी तक उछले हैं। मिडकैप शेयरों में ग्लेनमार्क, एलएंडटी फाइनेंस, डिवीज लैब, व्हर्लपूल और अपोलो हॉस्पिटल 3.6-2.1 फीसदी तक चढ़े हैं। स्मॉलकैप शेयरों में मोहोता इंडस्ट्रीज, क्यूपिड, नितिन स्पिनर्स, स्किपर और क्वालिटी 9.5-5 फीसदी तक मजबूत हुए हैं।
69.83 पर खुला रुपया
डॉलर के मुकाबले रुपया 32 पैसे की बढ़त के साथ 69.83 के स्तर पर खुला है। रुपये ने गुरुवार के दिन के कारोबार में 70.33 रुपये तक का नया निचला स्तर छुआ था। हालांकि कारोबार के अंतिम दौर में हुए कुछ सुधार के चलते अंत में रुपया 26 पैसे की गिरावट के साथ 70.15 के स्तर पर बंद हुआ।