सोमवार को हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली। भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड वॉर के डर से सेंसेक्स 300 अंक गिर गया, वहीं निफ्टी भी 100 अंक लुढ़क कर बंद हुआ। आज के कारोबार में निफ्टी ने 10,323.9 तक गोता लगाया जबकि सेंसेक्स 33,653.4 तक लुढ़क गया था। अंत में निफ्टी 10,360 के पास बंद हुआ है जबकि सेंसेक्स 33,705 के करीब बंद हुआ है।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली देखने को मिली है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 1 फीसदी गिरकर बंद हुआ है। निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 1.1 फीसदी लुढ़क कर बंद हुआ है।
फार्मा-मेटल में सबसे ज्यादा गिरावट
कारोबार में सभी सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट देखने को मिल रही है। सबसे ज्यादा गिरावट निफ्टी मेटल इंडेक्स में 2.61 फीसदी दर्ज की गई है। इसके अलावा निफ्टी फार्मा में 1.37 फीसदी, निफ्टी ऑटो में 1.17 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी में 0.95 फीसदी, औऱ निफ्टी रियल्टी में 0.92 फीसदी की गिरावट देखी गई।