अक्षय तृतीया पर मांग बढ़ने की उम्मीद
घरेलू बाजार में लगातार मांग में कमी आने के कारण पिछले चार सत्रों से सोने में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, 7 मई को अक्षय तृतीया होने के कारण व्यापारियों में सोने को लेकर उम्मीद बढ़ी है। शुक्रवार को सराफा बाजार में सोना 150 रुपये गिरकर 32,470 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा।
चांदी अपने पिछले भाव 37,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। विशेषज्ञों के अनुसार, घरेलू बाजार में मांग कम रहने के साथ कमजोर विदेशी रुझान और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा अपनी दरें स्थिर रखने के फैसले के कारण सोने पर दबाव बढ़ा है। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 1,270.60 डॉलर प्रति औंस और चांदी 14.70 डॉलर प्रति औंस के भाव पर रही। इससे पिछले तीन सत्रों में सोने में 380 रुपये की गिरावट रही है।
एनएसई में विस्तारित सत्र
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) 7 मई को अक्षय तृतीया के मौके पर पूंजी बाजार वर्ग में विस्तारित लाइव ट्रेडिंग सत्र आयोजित करेगा। एनएसई ने अपने सर्कुलर में कहा कि इस सत्र का आयोजन सिर्फ गोल्ड ईटीएफ और संप्रभु स्वर्ण बांड में कारोबार के लिए होगा। विस्तारित सत्र शाम 4.30 बजे से 7 बजे तक चलेगा।
अक्षय तृतीया अभी भी सोना खरीदने के लिए सबसे शुभ दिन माना जाता है। हमने देखा है कि औसतन पिछले 10 सालों में सोने में निवेश से सालाना 8 फीसदी का रिटर्न मिला है। हमारा मानना है कि पिछले कुछ सालों में हल्की मंदी के बावजूद भी सोने में निवेश से अच्छा रिटर्न मिल सकता है, क्योंकि मैक्रो स्तर पर कुछ अर्थव्यवस्थाओं की रफ्तार धीमी पड़ेगी। इस वजह से पीली धातु की खरीददारी बढ़ेगी।
नवनीत दमानी, एवीपी, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज कमोडिटी रिसर्च