बुधवार को शेयर बाजार की रिकॉर्ड क्लोजिंग पर ब्रेक लग गया। रुपये के कमजोर होने और खराब ग्लोबल संकेतों से सेंसेक्स 174 अंक गिर गया। वहीं निफ्टी भी 47 अंक लुढ़क गया। सराफा बाजार में भी इस गिरावट का असर देखने को मिला और सोना रुपये टूट गया।
सेंसेक्स 38,723 के स्तर पर और निफ्टी 11,692 के स्तर पर बंद हुआ है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.5 फीसदी चढ़कर 16,750 के स्तर पर बंद हुआ है। निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स भी 0.5 फीसदी की उछाल के साथ 19,827 के स्तर पर बंद हुआ है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स सपाट होकर 17,053 के स्तर पर बंद हुआ है। आज बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 17,150 तक पहुंचा था।
सरकारी बैंकों के शेयर बढ़े
सरकारी बैंकों के शेयरों में बढ़त से निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 1.73 फीसदी चढ़ गया है। सरकार ने कर्ज में दबी बैंकिंग सिस्टम को मजबूत करने लिए रिजर्व बैंक को मर्जर के लिए बैंकों की लिस्ट बनाने को कहा है। इस खबर से पीएसयू बैंकों के शेयरों में 4 फीसदी तक तेजी देखने को मिली।
कमजोर मांग से सोना 70 रुपये लुढ़का
विदेशों से कमजोर रुझान के साथ स्थानीय आभूषण निर्माताओं की ओर से मांग में गिरावट से सोना बुधवार को सराफा बाजार में 70 रुपये की गिरावट के साथ 31,080 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। वहीं, औद्योगिक इकाइयों व सिक्का निर्माताओं की ओर से कमजोर उठान के कारण चांदी 170 रुपये टूटकर 38,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। व्यापारियों के अनुसार विदेशों से कमजोर रुझान के साथ साथ घरेलू बाजार में सोने की कमजोर मांग के कारण सोने के भाव में गिरावट आई है।
विश्व स्तर पर न्यूयार्क में सोना 0.85 फीसदी की गिरावट के साथ 1,200.50 डॉलर प्रति औंस व चांदी 1.14 फीसदी की गिरावट के साथ 14.69 डॉलर प्रति औंस पर देखी गई। देश की राजधानी में 99.9 व 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना 70 रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 31,080 रुपये व 30,930 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। पिछले चार सत्रों में सोने के भाव में 530 रुपये की तेजी आई थी।