नकारात्मक वैश्विक रुझानों पर हुई मुनाफा वसूली से बाजार में शुक्रवार को गिरावट देखी गई और बीएसई का सेंसेक्स 38,000 स्तर के नीचे बंद हुआ। सेंसेक्स 155.14 अंकों की गिरावट के साथ 37,869.23 पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी भी 41.20 अंकों की गिरावट के साथ 11,429.50 पर बंद हुआ। एक दिन पहले सेंसेक्स व निफ्टी क्रमश: 38,024.37 व 11,470.70 के सर्वकालिक उच्च स्तर पर बंद हुए थे। सेंसेक्स समूह में एसबीआई में सर्वाधिक 3.79 फीसदी गिरावट रही।
साप्ताहिक कारोबार के लिहाज से हालांकि दोनों सूचकांक लगातार तीसरे सप्ताह तेजी के साथ बंद हुए। बीते कारोबारी सप्ताह सेंसेक्स में 313.07 अंकों की और निफ्टी में 68.70 अंकों की तेजी रही।
इस बीच बाजार के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार एक दिन पहले घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 85.39 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी, जबकि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने 370.68 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध लिवाली की थी।
विदेशों में आई कमजोरी से सोना 40 रुपये गिरा
विदेशों से कमजोर रुझान के साथ स्थानीय आभूषण निर्माताओं की ओर से सुस्त मांग को बीच शुक्रवार को सराफा बाजार में सोने का भाव 40 रुपये गिरकर 30,520 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा। वहीं औद्योगिक इकाइयों व सिक्का निर्माताओं की ओर से कमजोर उठाव के कारण चांदी 75 रुपये टूटकर 38,895 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही।
विश्व स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.33 फीसदी गिरावट के साथ 1,208.10 डॉलर प्रति औंस व चांदी 0.88 फीसदी गिरावट के साथ 15.29 डॉलर प्रति औंस पर देखी गई।