मंगलवार को शेयर बाजार और सराफा में तेजी देखने को मिली। जहां एक तरफ सेंसेक्स 39 हजार के पार बंद हुआ, वहीं चांदी की कीमतों में 355 रुपये का उछाल देखने को मिला। सेंसेक्स 234.33 अंकों की तेजी के साथ 39131.04 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी 72 अंकों की बढ़ोतरी के साथ 11661 के स्तर पर कारोबार करते हुए बंद हुआ।
प्राइवेट इक्विटी कंपनियों की यस बैंक की हिस्सेदारी खरीदने में दिलचस्पी की खबर से शेयर को तगड़ा बूस्ट मिला। बैंक के शेयर में 14 फीसदी तक की मजबूती देखने को मिली। हालांकि बाद में तेजी कुछ सीमित हुई और शेयर 11.48 फीसदी मजबूत होकर लगभग 104 रुपये पर बंद हुआ। इंट्रा-डे के दौरान शेयर ने 106.30 रुपये का उच्चतम स्तर छूआ।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमती धातुओं में रही तेजी के बल पर दिल्ली सराफा बाजार में मंगलवार को सोना 100 रुपये चढ़कर 35,570 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा और चांदी 355 रुपये चमककर 39,530 रुपये प्रति किलोग्राम रही।
स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 100 रुपये चढ़कर 35,570 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। सोना बिटूर भी इतनी ही तेजी लेकर 35,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 27,400 रुपये पर स्थिर रही।
चाँदी हाजिर 355 रुपये उछलकर 39,530 रुपये प्रति किलोग्राम बोली गयी। चाँदी वायदा 310 रुपये की बढ़त में 38,710 रुपये प्रति किलोग्राम बोली गयी। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 81 हजार और 82 हजार रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।
लंदन एवं न्यूयॉर्क में मंगलवार को सोना हाजिर 0.12 फीसदी चढ़कर 1,415.37 डॉलर प्रति औंस पर रहा। अगस्त का अमेरिकी सोना वायदा 1,411.40 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा।