होली से पहले गुरुवार को शेयर बाजार में लाल निशान पर क्लोजिंग हुई। प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक बाजार में हासिल शुरुआती बढ़त गंवाकर बंद हुए। बेंचमार्क बीएसई सेंसेक्स गुरुवार को शुरुआती बढ़त गंवाकर 200 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। रियल्टी, आईटी और ऑटो शेयरों में बिकवाली के कारण यह लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में गिरावट दिखी।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से जोमैटो, टाटा मोटर्स, इंडसइंड बैंक, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस, मारुति सुजुकी इंडिया, अडानी पोर्ट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट और इंफोसिस पिछड़ गईं। इसके विपरीत, भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील, एनटीपीसी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, पावरग्रिड, कोटक महिंद्रा बैंक और सन फार्मास्यूटिकल्स को लाभ हुआ।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, "साप्ताहिक समाप्ति के दिन बाजार सीमित दायरे में रहे और थोड़ा कम होकर बंद हुए। हालांकि सकारात्मक वैश्विक संकेतों ने शुरुआत में तेजी को बढ़ावा दिया, लेकिन विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गज शेयरों में बिकवाली के दबाव ने निफ्टी को लाल निशान में ला दिया।"
एशियाई बाजारों में टोक्यो, शंघाई, हांगकांग और सियोल में गिरावट दर्ज की गई। मध्य सत्र के सौदों में यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। बुधवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.34 प्रतिशत गिरकर 70.71 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।