मजबूत घरेलू आर्थिक आंकड़ों के बाद आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में खरीदारी से गुरुवार को शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी रही। सुबह के कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 192.32 अंक या 0.26 प्रतिशत चढ़कर 74,222.08 अंक पर पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी 21.75 अंक या 0.1 प्रतिशत बढ़कर 22,492.25 अंक पर पहुंच गया।
उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित खुदरा मुद्रास्फीति फरवरी में घटकर सात महीने के निचले स्तर 3.61 प्रतिशत पर आ गई, जो इसका मुख्य कारण सब्जियों, अंडों और अन्य प्रोटीन युक्त वस्तुओं की कीमतों में कमी है, जिससे आरबीआई के लिए अगले महीने ब्याज दरों में एक और कटौती करने की गुंजाइश बन गई है।
विजयकुमार ने कहा, "राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की ओर से अमेरिका में इस्पात आयात पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने के फैसले का यूरोपीय संघ (ईयू) ने भी तुरंत जवाब दिया है। उसने अमेरिका से आयातित 28 अरब डॉलर के इस्पात पर टैरिफ लगा दिया है, जबकि कनाडा ने कनाडा को 20 अरब डॉलर के अमेरिकी निर्यात पर टैरिफ लगा दिया है।"
जानकारों के अनुसार, चीन ने भी अमेरिका को इसी ढंग से जवाब देने का मन बनाया है। यह वैश्विक पृष्ठभूमि भारतीय बाजार में तेजी को बाधित करेगी। ऐसे में निवेशकों को घरेलू खपत थीम पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इस बीच, वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 70.97 डॉलर प्रति बैरल पर स्थिर कारोबार कर रहा था।
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 1,627.61 करोड़ रुपये मूल्य की इक्विटी बेची, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,510.35 करोड़ रुपये मूल्य की इक्विटी खरीदी। बुधवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 72.56 अंक गिरकर 74,029.76 पर बंद हुआ था। वहीं एनएसई निफ्टी 27.40 अंक गिरकर 22,470.50 पर बंद हुआ था।