हफ्ते के पहले कारोबारी दिन 30 शेयरों का बीएसई सेंसेक्स 384.30 अंक उछलकर 84,928.61 अंक पर बंद हुआ। इस दौरान, निफ्टी में 148.10 अंकों की बढ़त के साथ 25,939.05 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर क्लोजिंग हुई। सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तीन पैसे गिरकर 83.55 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, एमएंडएम, एसबीआई, रिलायंस इंडस्ट्रीज और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों का सबसे अधिक योगदान रहा। दूसरी ओर, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, टीसीएस और एशियन पेंट्स के शेयरों ने सूचकांक पर दबाव डाला।
बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में 0.73 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। सूचकांकों में तेल व गैस 2.23 प्रतिशत, रियल्टी 2.07 प्रतिशत, दूरसंचार 1.93 प्रतिशत, ऊर्जा 1.80 प्रतिशत, ऑटो 1.46 प्रतिशत और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.39 प्रतिशत मजबूत हुए। बीएसई आईटी एकमात्र नुकसान में रहा।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, "वैश्विक बाजारों में व्याप्त आशावाद बाजार की सकारात्मक प्रवृत्ति को बढ़ावा दे रहा है। महत्वपूर्ण घरेलू ट्रिगर्स के अभाव में इसके आगे भी जारी रहने की उम्मीद है।" बीएसई पर कुल 2,382 शेयरों में तेजी रही, 1,731 में गिरावट आई तथा 120 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती के फैसले और भविष्य के लिए सकारात्मक रुझान के बीच शेयर बाजार में हरियाली का दौर जारी है। तीन दिन की रिकॉर्ड तेजी के दौरान निवेशकों की संपत्ति 8.30 लाख करोड़ रुपये बढ़ी है।
सोमवार को लगातार तीसरे दिन तेजी के साथ 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 384.30 अंक या 0.45 प्रतिशत उछलकर 84,928.61 अंक के सर्वकालिक उच्च स्तर पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान यह 436.22 अंक या 0.51 प्रतिशत बढ़कर 84,980.53 अंक के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। तीन दिनों में बेंचमार्क 1,980.38 अंक या 2.38 प्रतिशत उछल चुका है।
तीन दिन में सेंसेक्स 1,980.38 या 2.38% मजबूत हुआ। इस दौरान बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण तीन दिनों में 8,30,975.85 करोड़ रुपये बढ़कर 4,76,03,923.17 करोड़ रुपये (5.70 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर) हो गया।
एशियाई बाजारों में सियोल और शंघाई में तेजी रही जबकि हांगकांग में गिरावट रही। जापान में बाजार अवकाश के कारण बंद रहे। यूरोपीय बाजारों में मिलाजुला कारोबार रहा। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार भी मिलेजुले रुख के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.09 प्रतिशत बढ़कर 74.55 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
इससे पहले, शुक्रवार को बीएसई का सूचकांक 1,359.51 अंक या 1.63 प्रतिशत उछलकर 84,544.31 अंक के सर्वकालिक उच्च स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,509.66 अंक या 1.81 प्रतिशत बढ़कर 84,694.46 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
एनएसई निफ्टी भी 375.15 अंक यानी 1.48 फीसदी बढ़कर 25,790.95 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान यह 433.45 अंक यानी 1.70 फीसदी बढ़कर 25,849.25 के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।