गुरुवार को शेयर और सराफा बाजार में सपाट स्थिति देखने को मिली। सेंसेक्स ने जहां तीन दिन से लगातार मिल रही बढ़त को खो दिया, वहीं चांदी भी 410 रुपये कमजोर हो गया।
सराफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोने की कीमतें स्थिर रहीं। हालांकि, चांदी 410 रुपये कमजोर होकर 39,300 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर रही। ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली सराफा बाजार में सोना बिना किसी उतार-चढ़ाव के 33,370 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा।
यही कीमत 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोना की भी रही, जबकि 99.5 फीसदी की शुद्धता वाला सोना 33,200 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव बिका। न्यूयॉर्क में सोना 1,301.20 डॉलर प्रति औंस के निचले स्तर पर और चांदी 15.37 डॉलर प्रति औंस के भाव पर रही।
सेंसेक्स-निफ्टी सपाट
बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 2.72 अंकों की तेजी के साथ 37,754 अंकों पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 1.55 अंकों की बढ़त के साथ 11,343 अंकों पर बंद हुआ।
बैंक शेयरों में खरीद के बल पर बैंक निफ्टी रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद होने में कामयाब रहा। बैंक निफ्टी आज 39 अंक चढ़कर 28923 पर बंद हुआ है। मिडकैप शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली। मिडकैप इंडेक्स 15 अंक चढ़कर 17749 पर बंद हुआ है।