कारोबार के दौरान हिंडाल्को, टाइटन, एचयूएल, बीपीसीएल और बजाज फाइनेंस के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, भारती एयरटेल, एसबीआई, टाटा मोटर्स, इंडसइंड बैंक और एक्सिस बैंक के शेयर में तेजी रही। हालांकि, सभी सेक्टर लाल निशान पर बंद हुए। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप में दो फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
कारोबार के दौरान कई शेयरों में खुदरा निवेशकों ने मुनाफा वसूली की, जिसके चलते बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) का शेयर भी 19 फीसदी टूट गया। दो दिन से हो रही बिकवाली के कारण निवेशकों की वेल्थ लगभग 6.6 लाख करोड़ रुपये घटी। बुधवार को इसमें लगभग 3.3 लाख करोड़ रुपये की कमी हुई। वोलैटिलिटी को मापने वाले India VIX के लगातार तीसरे सेशन में बढ़ने से भी इनवेस्टर्स के बीच आशंका का संकेत मिल रहा है। India VIX 5 प्रतिशत बढ़ा है और यह सप्ताह के लिए 15 प्रतिशत के निकट है। मार्केट में बिकवाली बढ़ने के अनुमान के कारण ट्रेडर्स पुट ऑप्शंस में अधिक खरीदारी कर रहे हैं। ब्रोकरेज फर्म UBS सिक्योरिटीज ने इक्विटी मार्केट को ओवरवेट से डाउनग्रेड कर अंडरवेट कर दिया है। इसका कारण वैल्यूएशंस का बहुत अधिक होना है।