आज फिर घरेलू बाजार में सोने-चांदी की कीमत में तेजी आई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने का भाव 238 रुपये बढ़कर 56,122 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। चांदी की बात करें, तो यह 960 रुपये बढ़कर 76,520 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
इस संदर्भ में एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ एनालिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि, 'सोने की कीमतें सोमवार को रुपये की तेजी के साथ सीमित रहीं।'
रुपये में तीन पैसे की बढ़त
घरेलू बाजार के सकारात्मक रुख से अंतर बैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया तीन पैसे चढ़कर 74.90 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अंतर बैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में कारोबार की शुरुआत में डॉलर के मुकाबले रुपया 74.96 रुपये प्रति डॉलर पर कमजोर खुला और कुछ ही देर में सुधरकर मजबूती में आ गया। अंत में यह पिछले दिन के बंद भाव की तुलना में तीन पैसे बढ़कर 74.90 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले गत सप्ताहांत शुक्रवार को डॉलर-रुपये की विनिमय दर 74.93 रुपये प्रति डॉलर रही थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, सोना में 2,035 डॉलर प्रति औंस की मामूली बढ़त हुई, जबकि चांदी अमरीकी डॉलर 28.31 प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
पिछले सत्र में इतना रहा दाम
शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमत सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई थी। सोना 57,008 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि शुक्रवार को इसमें छह रुपये की मामूली बढ़ोतरी हुई। इसके साथ ही चांदी की कीमत में भी तेजी दर्ज की गई थी। शुक्रवार को चांदी के भाव में 576 रुपये की उछाल देखने को मिली। इसके साथ ही दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत प्रति किलो 77,840 रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पहुंच गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 2061 डॉलर प्रति औंस और चांदी 28.36 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।