आज घरेलू बाजार में सोने और चांदी की वायदा कीमत में गिरावट आई। एमसीएक्स पर सोना वायदा 0.15 फीसदी (67 रुपये) गिरकर 46,002 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी में 0.26 फीसदी (158 रुपये) की गिरावट दर्ज की गई और यह 60,476 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पीली धातु पिछले साल के उच्चतम स्तर (56200 रुपये प्रति 10 ग्राम) से अब भी 10198 रुपये नीचे है। अगस्त में सोने के अधिक आयात के बावजूद, भारत में सोने की भौतिक मांग कमजोर रही। घरेलू डीलरों को उम्मीद है कि आने वाले त्योहारी सीजन में और ग्राहक आएंगे।
व्यापारी और निवेशक सतर्क
डेल्टा वैरिएंट के मामले फैलने से बढ़ती चिंताओं के बीच व्यापारी और निवेशक सतर्क हैं। असमान वैश्विक आर्थिक सुधार और डॉलर के मुकाबले रुपये में उतार-चढ़ाव से कीमती धातुओं की कीमत प्रभावित होती है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के अनुसार हाजिर बाजार में सोमवार को उच्चतम शुद्धता वाला सोना 46,170 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिका, जबकि चांदी 60,341 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिकी ।
वैश्विक बाजार में इतनी है कीमत
डॉलर इंडेक्स 0.1 फीसदी चढ़ा, जिससे अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए सोना महंगा हो गया। रातोंरात, बेंचमार्क 10-वर्षीय यूएस ट्रेजरी यील्ड तीन महीनों के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। वैश्विक बाजारों में आज हाजिर सोना 0.1 फीसदी गिरकर 1,748.01 डॉलर प्रति औंस हो गया। अमेरिकी सोना वायदा 0.3 फीसदी गिरकर 1,747.50 डॉलर प्रति औंस पर था। अन्य कीमती धातुओं में चांदी 0.8 फीसदी गिरकर 22.47 डॉलर प्रति औंस पर रही। पैलेडियम 0.6 फीसदी नीचे 1,952.44 डॉलर और प्लैटिनम 0.5 फीसदी गिरकर 976.07 डॉलर पर था।
मालूम हो कि पोलैंड के सेंट्रल बैंक के प्रमुख ने सोमवार को कहा कि पोलैंड के केंद्रीय बैंक के पास 230 टन से अधिक सोना है और वह अपने भंडार का विस्तार करने की योजना बना रहा है।