आज गोल्ड सिल्वर के रेट (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : iStock
आज घरेलू बाजार में सोने और चांदी की वायदा कीमत में बढ़त आई। एमसीएक्स पर सोना वायदा 0.32 फीसदी (151 रुपये) बढ़कर 46,990 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी की बात करें, तो चांदी वायदा 0.59 फीसदी (408 रुपये) बढ़कर 69,482 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पीली धातु पिछले साल के उच्चतम स्तर (56200 रुपये प्रति 10 ग्राम) से करीब नौ हजार रुपये नीचे है।
वैश्विक बाजार में इतनी है कीमत
वैश्विक बाजारों में हाजिर सोने का दाम 0.1 फीसदी गिरकर 1,769.11 डॉलर प्रति औंस पर रहा। अमेरिकी सोना 0.2 फीसदी नीचे 1,768.10 डॉलर रहा। अन्य कीमती धातुओं में चांदी 0.1 फीसदी बढ़कर 26.14 डॉलर प्रति औंस पर थी, पैलेडियम 0.5 फीसदी गिरकर 2,764.68 डॉलर प्रति औंस और प्लैटिनम 0.6 फीसदी गिरकर 1,065.74 डॉलर प्रति औंस पर।
स्वर्ण ईटीएफ सोने की कीमत पर आधारित होते हैं और उसके दाम में आने वाली घट-बढ़ पर ही इसका दाम भी घटता बढ़ता है। मालूम हो कि ईटीएफ का प्रवाह सोने में कमजोर निवेशक रुचि को दर्शाता है। एक मजबूत डॉलर अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए सोने को अधिक महंगा बनाता है।
हीरा निर्यात में 20 फीसदी तेजी का अनुमान: क्रिसिल
अमेरिका और चीन के बाजार में सुधार आने से भारतीय हीरा उद्योग में इस साल 20 फीसदी निर्यात बढ़ने का अनुमान है। रेटिंग एजेंसी क्रिसिल ने बताया कि भारत से निर्यात होने वाले तराशे हीरे का 75 फीसदी हिस्सा अमेरिका और चीन में जाता है। महामारी के दबाव से उबरने की कोशिश कर रहा भारतीय हीरा उद्योग दूसरी छमाही से तेजी पकड़ सकता है और 2021 में निर्यात 20 अरब डॉलर रह सकता है। बीते साल 16.4 अरब डॉलर का निर्यात हुआ था, जो 2019 के मुकाबले 12 फीसदी कम था। कोविड संक्रमण की दूसरी लहर बीतने पर हीरा उद्योग में काम करने वाले श्रमिकों की वापसी होगी, जिससे उत्पादन में भी तेजी आएगी।