राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को सोने की कीमत में तेजी आई। आज सोना 294 रुपये बढ़कर 47,442 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, पिछले सत्र में सोने का दाम 47,148 रुपये प्रति 10 ग्राम था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई तेजी से आज इसमें बढ़त दर्ज की गई है।
170 रुपये सस्ती हुई चांदी
चांदी की बात करें, तो इस दौरान चांदी में 170 रुपये की गिरावट आई और इसकी कीमत 66,274 रुपये प्रति किलो हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 66,444 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का दाम 1,830 डॉलर प्रति औंस पर रहा जबकि चांदी का दाम 25.57 डॉलर प्रति औंस पर सपाट था।
जून में 92.37 फीसदी बढ़ा रत्न एवं आभूषण निर्यात
जून महीने में रत्न एवं आभूषणों का कुल निर्यात 92.37 फीसदी बढ़कर 20,851.28 करोड़ रुपये हो गया। रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्द्धन परिषद (जीजेईपीसी) ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष की इसी अवधि में रत्न और आभूषणों का निर्यात 10,838.93 करोड़ रुपये था। इसी तरह जून में तराशे और पालिश हीरों (सीपीडी) का निर्यात 113.25 फीसदी बढ़कर 14,512.11 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे पिछले साल इसी महीने में यह 6,805.25 करोड़ रुपये था। जीजेईपीसी ने बताया कि जून में सोने के आभूषणों का निर्यात 398.70 फीसदी की बढ़त के साथ 4,185.10 करोड़ रुपये पहुंच गया जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष के इसी महीने में 839.21 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ था। चालू वित्त वर्ष की पहली अप्रैल-जून तिमाही में रत्न एवं आभूषणों का कुल निर्यात 254.75 फीसदी की वृद्धि लेकर 67,265.66 करोड़ रुपये रहा जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 18,961.63 करोड़ रुपये पर था।
निवेशकों ने गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेट कोषों (ईटीएफ) में जून 2021 को समाप्त तिमाही में 1,328 करोड़ रुपये का निवेश किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि चालू वित्त वर्ष के शेष महीनों में निवेश का यह प्रवाह जारी रहेगी। इस साल जून की तिमाही में अर्थव्यवस्था में सुधार की उम्मीद के बीच निवेश का प्रवाह कुछ कम रहा है।