राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमत में गिरावट आई। आज सोना 123 रुपये गिरकर 46,505 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। वैश्विक बाजारों से भारत में पीली धातु प्रभावित हुई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, पिछले सत्र में सोने का दाम 46,628 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
206 रुपये सस्ती हुई चांदी
चांदी की बात करें, तो इस दौरान चांदी में 206 रुपये की गिरावट आई और इसकी कीमत 65,710 रुपये प्रति किलो हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 65,916 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का दाम 1,795 डॉलर प्रति औंस पर रहा जबकि चांदी का दाम 25.16 डॉलर प्रति औंस पर सपाट था।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के वीपी कमोडिटी रिसर्च नवनीत दमानी ने कहा कि, 'निवेशकों का ध्यान इस सप्ताह की अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक पर केंद्रित है।'
जून में 92.37 फीसदी बढ़ा रत्न एवं आभूषण निर्यात
जून महीने में रत्न एवं आभूषणों का कुल निर्यात 92.37 फीसदी बढ़कर 20,851.28 करोड़ रुपये हो गया। रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्द्धन परिषद (जीजेईपीसी) ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष की इसी अवधि में रत्न और आभूषणों का निर्यात 10,838.93 करोड़ रुपये था। इसी तरह जून में तराशे और पालिश हीरों (सीपीडी) का निर्यात 113.25 फीसदी बढ़कर 14,512.11 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे पिछले साल इसी महीने में यह 6,805.25 करोड़ रुपये था। जीजेईपीसी ने बताया कि जून में सोने के आभूषणों का निर्यात 398.70 फीसदी की बढ़त के साथ 4,185.10 करोड़ रुपये पहुंच गया जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष के इसी महीने में 839.21 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ था। चालू वित्त वर्ष की पहली अप्रैल-जून तिमाही में रत्न एवं आभूषणों का कुल निर्यात 254.75 फीसदी की वृद्धि लेकर 67,265.66 करोड़ रुपये रहा जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 18,961.63 करोड़ रुपये पर था।