राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को सोने और चांदी की कीमत में बढ़त आई। आज सोने में 196 रुपये की बढ़त आई और इसकी कीमत 45,746 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, पिछले सत्र में सोने का दाम 45,550 रुपये प्रति 10 ग्राम था। अंतरराष्ट्रीय कीमत से सोना प्रभावित हुआ और साथ ही डॉलर के मुकाबले रुपये में आई गिरावट से यह महंगा हुआ।
चांदी की कीमत में तेजी
चांदी की बात करें, तो इस दौरान चांदी में 319 रुपये की बढ़त आई और इसकी कीमत 59,608 रुपये प्रति किलो हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 59,289 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का दाम 1,776 डॉलर प्रति औंस पर रहा जबकि चांदी का दाम 22.72 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा।
भारत केंद्रित अंतरराष्ट्रीय कोषों, ईटीएफ से 1.55 अरब डॉलर की निकासी
मॉर्निंगस्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, लगातार 13वीं तिमाही में निवेशकों ने भारत केंद्रित अंतरराष्ट्रीय कोषों और एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (ईटीएफ) से निकासी की। जून तिमाही में इन कोषों से निवेशकों ने 1.55 अरब डॉलर निकाले। जबकि मार्च, 2021 को समाप्त तिमाही में इन कोषों से 37.6 करोड़ डॉलर की निकासी हुई थी। मालूम हो कि विदेशी निवेशक जिन प्रमुख निवेश माध्यमों के जरिए भारतीय शेयर बाजारों में निवेश करते हैं, उनमें भारत केंद्रित अंतरराष्ट्रीय कोष और ईटीएफ काफी महत्वपूर्ण हैं। ईटीएफ खंड में शुद्ध रूप से 15.3 करोड़ डॉलर का प्रवाह देखने को मिला।
बीते वित्त वर्ष 2020-21 में सोने का आयात 22.58 फीसदी बढ़कर 34.6 अरब डॉलर या 2.54 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सोने का आयात चालू खाते के घाटे (CAD) को प्रभावित करता है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार घरेलू मांग बढ़ने से सोने का आयात बढ़ा है। वित्त वर्ष के दौरान चांदी का आयात 71 फीसदी घटकर 79.1 करोड़ डॉलर रह गया।