दिल्ली सराफा बाजार में गुरुवार को सोने-चांदी की कीमतों में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिला। जहां सोने के दाम तीन रुपये बढ़े, वहीं चांदी फिसल गई। इसके अलावा देश भर में रत्न और आभूषणों के निर्यात में सात फीसदी की कटौती देखने को मिली।
10 ग्राम सोने की कीमत 39,375 रुपये पर आ गई है। बुधवार को सोना 39,372 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी में गुरुवार को 24 रुपये की मामूली गिरावट देखने को मिली है। इस गिरावट से एक किलो चांदी की कीमत 47,120 रुपये पर आ गई है। गौरतलब है कि बुधवार को चांदी 47,144 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
अप्रैल-अगस्त 2019-20 के दौरान रत्न और आभूषण का निर्यात 7 फीसदी घटकर 12.4 अरब डॉलर रह गया। इसकी वजह विकसित बाजार में मांग में सुस्ती को माना जा रहा है। रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद (जीजेईपीसी) के आंकड़ों के मुताबिक, एक साल पहले समान अवधि में 13.4 अरब डॉलर का निर्यात हुआ था। भारत के कुल निर्यात में इस सेक्टर का योगदान लगभग 15 फीसदी होता है। सोने के आभूषण, रंगीन रत्न और तराशे व पॉलिश किए गए हीरों सभी के निर्यात में गिरावट दर्ज की गई।