राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को सोने का भाव 30 रुपये की तेजी के साथ 50,818 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इससे पिछले कारोबारी दिन में कीमती पीली धातु 50,788 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। वहीं चांदी भी 133 रुपये की तेजी के साथ 61,717 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जो बीते कारोबारी दिन में 61,584 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्नलेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा कि दिल्ली में 24 कैरेट सोने के लिए हाजिर सोने की कीमतों में 30 रुपये की तेजी आई, जो कॉमेक्स सोने की कीमतों में रात भर की तेजी को दर्शाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना मामूली गिरावट के साथ 1,848 डॉलर प्रति औंस और चांदी सपाट कारोबार 22.02 डॉलर प्रति औंस पर चल रही थी।