फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gold Silver Price: सोना 77850 रुपये के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा, चांदी 3000 रुपये मजबूत हुई

Wed, 25 Sep 2024 07:27 PM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Gold Silver Price: राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 900 रुपये की तेजी के साथ 77,850 रुपये प्रति 10 ग्राम के नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ताजा उठाव के कारण चांदी 3,000 रुपये बढ़कर 93,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले सत्र में चांदी 90,000 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी।
विज्ञापन
सोने-चांदी के भाव - फोटो : amarujala.com
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार वैश्विक बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी के बीच बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 900 रुपये की तेजी के साथ 77,850 रुपये प्रति 10 ग्राम के नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। मंगलवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाली यह बहुमूल्य धातु 76,950 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।

विज्ञापन


औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ताजा उठाव के कारण चांदी 3,000 रुपये बढ़कर 93,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले सत्र में चांदी 90,000 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी।

इसके अलावा 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 900 रुपये की तेजी के साथ 77,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। पिछले सत्र में सोना 76,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।
विज्ञापन


इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के राष्ट्रीय सचिव सुरेन्द्र मेहता के अनुसार निकट भविष्य में अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें 3,200 डॉलर प्रति औंस को पार कर जाने की संभावना है। उनके अनुसार, "सोने में तेजी जारी है और वायदा बाजार में इसकी कीमतें एक बार फिर सर्वकालिक उच्च स्तर 76,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई हैं।"

ब्लिंकएक्स और जेएम फाइनेंशियल के उपाध्यक्ष (शोध) (कमोडिटी एवं मुद्रा) प्रणव मेर ने कहा, "कमजोर डॉलर, वैश्विक केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरों में और कटौती की उम्मीद, सुरक्षित निवेश की मांग और ईटीएफ फंडों के प्रवाह से कीमतों को समर्थन मिल रहा है।"

व्यापारियों के अनुसार, आभूषण विक्रेताओं की लगातार खरीदारी और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत रुख के कारण सोने की कीमतों में तेजी आई। दूसरी ओर, एमसीएक्स पर वायदा कारोबार में अक्टूबर डिलीवरी वाले सोने के अनुबंध का भाव 997 रुपये यानी 1.33 प्रतिशत की तेजी के साथ 76,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

हालांकि, दिसंबर डिलीवरी वाले चांदी अनुबंध की कीमत 419 रुपये अथवा 0.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ 91,974 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। वैश्विक स्तर पर कॉमेक्स सोना 0.15 प्रतिशत बढ़कर 2,681.10 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है। कारोबार के दौरान विदेशी बाजारों में इसकी कीमतें 2,694.89 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के कमोडिटी रिसर्च के वरिष्ठ विश्लेषक मानव मोदी ने कहा, "अमेरिकी ब्याज दरों में कटौती को लेकर लगातार आशावाद के बीच हाल में आई तेजी के कारण कॉमेक्स के साथ-साथ घरेलू मोर्चे पर भी सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गईं। साथ ही इस सप्ताह आने वाले संकेतों और भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है।"

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी के अनुसार, मंगलवार को अमेरिकी आंकड़ों से पता चला कि सितंबर में अमेरिकी उपभोक्ता विश्वास में अप्रत्याशित रूप से तीन वर्षों में सबसे अधिक गिरावट आई, जिससे व्यापक अर्थव्यवस्था के लिए दृष्टिकोण के बारे में चिंताएं बढ़ गईं।

गांधी ने कहा कि आंकड़े जारी होने के बाद अमेरिकी डॉलर के साथ-साथ अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में भी गिरावट आई, जिससे सोने की कीमतों में भी तेजी आई। एशियाई कारोबारी घंटों में चांदी भी बढ़कर 32.15 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। चांदी की कीमतें भौतिक बाजार में 90,000 रुपये से ऊपर चली गईं, जबकि कॉमेक्स चांदी 32 डॉलर को पार कर गई।

एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च एनालिस्ट- कमोडिटी व करेंसी, जतीन त्रिवेदी ने कहा, "अमेरिका में ब्याज दरों में और कटौती तथा चीन द्वारा आक्रामक प्रोत्साहन उपायों की घोषणा की मजबूत उम्मीदों के बीच यह तेजी देखी गई है।"

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें