सोने-चांदी के जेवर खरीदने का मन बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए है। राष्ट्रीय राजधानी में सोना मंगलवार को 810 रुपये की गिरावट के साथ 46,896 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमती धातु की कीमतों में रात भर की गिरावट को दर्शाता है। पिछले कारोबारी दिन में यह कीमती धातु 47,706 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
चांदी 62 हजार के स्तर पर पहुंची
सोने के भाव गिरने के साथ-साथ चांदी की कीमत में भी आज गिरावट देखने को मिली। चांदी पिछले कारोबारी दिन के भाव 64,268 रुपये प्रति किलोग्राम से 1,548 रुपये टूटकर 62,720 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का हाल
एचडीएफसी सिक्योरिटीज, सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज), तपन पटेल के अनुसार, दिल्ली में 24 कैरेट सोने के लिए हाजिर सोने की कीमतों में 810 रुपये की गिरावट आई है, जो रुपये में गिरावट के बावजूद कोमेक्स पर सोने की कीमतों में रात भर की गिरावट को दर्शाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी दोनों सपाट भाव से क्रमश: 1,806 डॉलर प्रति औंस और 24.05 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहे थे।