सोमवार को सोने-चांदी की कीमतों में बड़ा उछाल देखने को मिला। दोनों धातुओं की कीमतों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखने को मिली। सोना 37 हजार रुपये के करीब पहुंच गया। वहीं चांदी भी 43 हजार रुपये के पार कारोबार करती देखी गई।
चाँदी भी एक हजार रुपये उछलकर 43,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुँच गयी। सफेद धातु 14 अप्रैल 2017 के बाद पहली बार 43 हजारी हुई है। इसकी कीमत दो मार्च 2017 के बाद सर्वाधिक है।
कारोबारियों ने बताया कि विदेशों में सोने के छह साल के उच्चतम स्तर पर पहुँचने और डॉलर के मुकाबले रुपये में एक फीसदी से अधिक की गिरावट से पीली धातु मजबूत हुई है। आने वाले समय में यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमतों में तेजी का यह क्रम जारी रहा तो स्थानीय बाजार में भी सोना और चढ़ सकता है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना हाजिर 17.25 डॉलर चमककर 1,457.75 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गया। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,459.47 डॉलर प्रति औंस पर भी पहुँच गया था जो मई 2013 के बाद का उच्चतम स्तर है। अक्टूबर का अमेरिकी सोना वायदा 12.50 डॉलर की बढ़त में 1,464.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गया।