सोमवार को ऐतिहासिक गिरावट के बाद सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को बाजार में गिरावट का सिलसिला थम गया है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1271.39 अंक यानी 4.89 फीसदी की बढ़त के साथ 27252.39 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 47 अंक यानी 5.48 फीसदी की बढ़त के साथ 8027.25 के स्तर पर खुला। इसके थोड़ी ही देर बाद सेंसेक्स 1454 की तेजी पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का सिलसिला लगातार जारी है।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें ऑटो, एफएमसीजी, आईटी, मीडिया, मेटल, फार्मा, पीएसयू बंक, प्राइवेट बैंक और रियल्टी शामिल हैं।
सोमवार को ऐसा रहा वैश्विक बाजारों का हाल
सोमवार को अमेरिका का डाउ जोंस 3.04 फीसदी यानी 582.05 अंक नीचे 18,591.90 पर बंद हुआ। नैस्डैक में 0.27 फीसदी और एसएंडपी में 2.93 फीसदी की गिरावट आई। सोमवार को डाउ जोंस 317 अंकों की गिरावट के साथ खुला था। इसी तरह अमेरिका के दूसरे बाजार नैस्डैक कंपोजिट 25 अंक और एसएंडपी 32 पॉइंट नीचे खुले थे। बाजार खुलते समय डाउ जोंस 18856, नैस्डैक 6853 और एसएंडपी 2272 पर कारोबार कर रहे थे।
76.07 के स्तर पर खुला रुपया
डॉलर के मुकाबले आज रुपया 22 पैसे की बढ़त के बाद 76.07 के स्तर पर खुला। पिछले कारोबारी दिन अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 102 पैसे की भारी गिरावट के बाद 76.22 रुपये प्रति डॉलर (अस्थायी) के सर्वकालिक निचले स्तर तक पहुंच गया था।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9:10 बजे शेयर मार्केट हरे निशान पर था। सेंसेक्स 1074.99 अंक यानी 4.14 फीसदी की बढ़त के बाद 27,056.23 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 238.05 अंक यानी 3.13 फीसदी की बढ़त के बाद 7848.30 के स्तर पर था।