भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने एचडीएफसी बैंक की आईटी अवसंरचना का ऑडिट करने के लिए एक बाहरी फर्म को नियुक्त किया है। देश में निजी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक में पिछले दो वर्षों के दौरान कई बार सेवा बाधाएं आने के बाद यह फैसला किया गया।
शेयर में जोरदार उछाल
इसके बाद बैंक के शेयर में जोरदार तेजी देखी जा रही है। 1501 के स्तर पर खुलने के बाद यह सुबह 1.51 बजे 74.25 अंक यानी 5.03 फीसदी ऊपर 1551 के स्तर पर कारोबारर कर रहा था। पिछले कारोबारी दिन यह 1476.75 के स्तर पर बंद हुआ था। मौजूदा समय में एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 8.54 लाख करोड़ रुपये है।
इसलिए किया बाहरी पेशेवर आईटी फर्म को नियुक्त
एचडीएफसी बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि आरबीआई ने बैंकिंग नियामक कानून 1949 की धारा 30 (1-बी) के तहत बैंक की संपूर्ण आईटी अवसंरचना का विशेष लेखा परीक्षा करने के लिए एक बाहरी पेशेवर आईटी फर्म को नियुक्त किया है, जिसकी लागत बैंक वहन करेगा। पिछले महीने एचडीएफसी बैंक ने आरबीआई को बार-बार होने वाले सेवा व्यवधान का समाधान करने के लिए एक विस्तृत कार्य योजना सौंपी थी।
आरबीआई ने लगाई थी नए क्रेडिट कार्ड जारी करने पर रोक
इस कार्य योजना में बैंक ने कहा था कि वह तीन महीनों में अपने आईटी ढांचे को सुधार लेगा। एचडीएफसी बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरबीआई को दी गई कार्य योजना पर प्रगति हो रही है और बैंक ने इसे सकारात्मक रूप में लिया है, क्योंकि इससे मानकों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। अधिकारी ने विश्लेषकों की एक बैठक में कहा कि कार्य योजना को लागू होने में 10-12 सप्ताह लगेंगे, और आगे की समयसीमा आरबीआई के निरीक्षण पर निर्भर करेगी तथा संतुष्ट होने पर नियामक प्रतिबंध हटा देगा। आरबीआई ने दिसंबर में एचडीएफसी बैंक को अस्थाई रूप से नई डिजिटल पहल शुरू करने और नए क्रेडिट कार्ड जारी करने से रोक दिया था।