दुनिया का ऐसा खतरनाक इलाका जहां कोई नहीं जा सकता
- फोटो : AI
दुनिया में कई वीरान और रहस्यमयी जगहें। इन खतरनाक जगहों पर जाने से लोग डरते हैं। कई स्थानों पर इंसानों के जाने पर रोक है। कई ऐसी जगहों के बारे में ज्यादातर लोगों को भी जानकारी नहीं होती है। इन जगहों से कई डरावनी कहानियां जुड़ी होती हैं। आज हम आपको एक ऐसी ही जगह के बारे में बताएंगे, जहां पर इंसान के साथ ही जानवरों के जाने पर भी रोक है। फ्रांस के उत्तर-पूर्वी इलाके में यह स्थित है। 100 साल पहले यहां पर लोग रहते थे। यहां पर लोगों के नहीं जाने के पीछे एक डरावनी कहानी है, जिसके बारे में जानकर आप हैरान हो जाएंगे।
फ्रांस के उत्तर-पूर्वी इलाके में स्थित इस जगह का नाम जोन रोग। यह इतना खतरनाक जगह है कि यहां पर जगह-जगह डेंजर जोन के बोर्ड लगाए गए हैं। बोर्ड लगाने के पीछे मकसद है कि अगर कोई गलती से भी इसके आसपास चला जाता है, तो बोर्ड पढ़कर आगे नहीं बढ़ेगा। इस स्थान को फ्रांस के बाकी जगहों से अलग-थलग रखा गया है, ताकि यहां पर कोई नहीं जा सके।
जोन रोग को रेड जोने के नाम भी जाना जाता है। बताया जाता है कि प्रथम विश्व युद्ध से पहले इस इलाके में कुल नौ गांव थे, जहां पर लोग रहते थे। यहां पर लोग खेती-बाड़ी कर अपना गुजारा करते थे, लेकिन विश्व युद्ध के समय इस इलाके में इतने बम-गोले गिरे कि पूरा का पूरा इलाका ही तहस-नहस हो गया, कई लोग मारे गए और यह जगह रहने लायक नहीं बची।
इस इलाके में भारी मात्रा में केमिकल युक्त युद्ध सामग्री फैली है, जिसकी वजह से यहां की जमीन जहरीली हो चुकी है। इतना ही नहीं, यहां की पानी में भी जानलेवा तत्व मिले हैं। यह इलाका बहुत बड़ा है और पूरे इलाके की जमीन और पानी को केमिकल मुक्त बनाना संभव नहीं था। इसकी वजह से फ्रांस की सरकार ने यहां लोगों के आने पर ही प्रतिबंध लगा दिया।
वर्ष 2004 में यहां की मिट्टी और पानी की जांच की गई थी। जांच में भारी मात्रा में आर्सेनिक पाया गया था। आर्सेनिक एक ऐसा जहरीला पदार्थ है, जिसकी थोड़ी सी भी मात्रा अगर गलती से इंसान के मुंह में चला जाए तो कुछ ही घंटों में उसकी मौत भी हो सकती है।