गंदे पानी से बोतल भर रहा था पैंट्री वाला
- फोटो : एक्स@ASHWin96643051
रेलवे में सफर के दौरान मिलने वाले खाने की क्वालिटी पर यात्री अक्सर सवाल उठाते हैं। खासकर आईआरसीटीसी के संचालन में खानपान सेवाओं को लेकर सोशल मीडिया पर कई बार यात्रियों की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। अब एक नया मामला सामने आया है, जिसमें हावड़ा-अहमदाबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस के पैंट्री स्टाफ की हरकत ने एक बार फिर से रेलवे की साफ-सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी मामले के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
कोच वॉशिंग से पानी भरता दिखाई दिया पैंट्री वाला
हाल ही में, इंटरनेट पर वायरल हुए एक वीडियो में देखा गया कि ट्रेन के पैंट्री में काम कर रहा एक कर्मचारी कंटेनर में पानी भरता नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि वह पानी ट्रेन की कोच वॉशिंग यानी साफ-सफाई के लिए उपयोग होने वाली लाइन से भर रहा है। यह पूरी घटना स्टेशन पर खड़े एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली और बाद में उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
व्यक्ति ने अपने फोन में बनाया वीडियो
वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि ट्रेन रेलवे ट्रैक पर खड़ी है। इसी दौरान एक व्यक्ति पाइपलाइन की टोटी खोलता है और तुरंत ही पैंट्री बॉय वहां पहुंचकर कंटेनर में पानी भरना शुरू कर देता है। यह वीडियो लगभग 15 सेकंड का है, जिसमें यह पूरी प्रक्रिया दिखाई देती है। पैंट्री स्टाफ को यह अंदाजा नहीं था कि कोई प्लेटफॉर्म से उनका वीडियो बना रहा है।
वीडियो पर आईआरसीटीसी ने दी तुरंत प्रतिक्रिया
इस क्लिप के वायरल होते ही X पर यूजर @ASHWin96643051 ने इस वीडियो को पोस्ट किया। यूजर ने वीडियो में दिख रही चीज को लेकर सवाल उठाते हुए लिखा कि इस तरह की लापरवाही सीधे तौर पर यात्रियों की हेल्थ और सफाई के लिए खतरा है। उन्होंने आईआरसीटीसी को टैग करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया आईआरसीटीसी की ओर से तुरंत प्रतिक्रिया दी गई। आईआरसीटीसी ने जवाब में लिखा, "सर, कृपया अपना पीएनआर नंबर, मोबाइल नंबर और स्टेशन का नाम डायरेक्ट मैसेज के जरिए साझा करें।"
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
बता दें कि इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। कुछ समय पहले एक और वीडियो में एक व्यक्ति को ट्रेन में बिकने वाले चाय के कंटेनर को टॉयलेट में धोते हुए पकड़ा गया था। इस घटना ने भी यात्रियों के बीच गहरी चिंता पैदा कर दी थी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि रेलवे इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है और क्या इस तरह की चीजों पर लगाम लगाने के लिए कोई सख्त नीति बनाई जाती है ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।