दिल्ली मेट्रो में हुई एक घटना ने सोशल मीडिया पर खूब हलचल मचा दी। मामला इंदरलोक मेट्रो स्टेशन का है, जहां एक शख्स ने अपने छोटे बच्चे को प्लेटफॉर्म के किनारे रेलवे ट्रैक पर पेशाब करने दिया। किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और इसे इंटरनेट पर डाल दिया। यह वीडियो करीब 22 सेकंड का है और सबसे पहले रेडिट पेज पर डाला गया था, लेकिन नियम तोड़ने के कारण वहां से हटा दिया गया। बाद में यह वीडियो X पर फिर से आया और लोगों ने जमकर अपनी राय दी। तो आज की इस खबर में हम भी आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में दिखता है कि ट्रेन आने से ठीक पहले बच्चा प्लेटफॉर्म के किनारे पेशाब कर रहा है। वीडियो बनाने वाला व्यक्ति कहते हुए सुनाई देता है, "देखिए, यह आदमी अपने बच्चे को यहीं पेशाब करने दे रहा है, इसे शर्म भी नहीं आ रही। यह पब्लिक जगह है और यह देश के सबसे असभ्य लोगों में से एक है।" जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, लोगों की राय दो हिस्सों में बंट गई। कुछ लोगों ने पिता की इस हरकत को बहुत गलत और सार्वजनिक शालीनता की खुली अनदेखी बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों पर भारी जुर्माना लगाया जाना चाहिए। वहीं, कुछ लोग मानते हैं कि मेट्रो परिसर में पर्याप्त और साफ टॉयलेट न होने की वजह से ऐसे मामले सामने आते हैं।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
एक यूजर ने लिखा , "अब यह इतना आम हो गया है कि लोग इसे गलत ही नहीं मानते। जब इंसान गलती को पहचान ही न पाए तो सुधार कैसे होगा?" एक और यूजर ने सवाल किया – "मेट्रो स्टेशनों पर टॉयलेट हैं, लेकिन सुरक्षा और निगरानी कहां है? ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।" कई लोगों ने यह भी कहा कि मेट्रो में साफ और मुफ्त टॉयलेट होने चाहिए, क्योंकि यात्री टिकट का पैसा देते हैं और यह सुविधा उन्हें मिलनी ही चाहिए।
लोगों ने साझा किया अपना अनुभव
बहस के दौरान कई यूजर्स ने अपने-अपने अनुभव भी साझा किए। एक व्यक्ति ने रक्षा बंधन के दिन की घटना बताई, जब एक महिला ने उल्टी करने वाले बच्चे को सीट से हटाने से मना कर दिया। वहीं, एक और यूजर ने बताया कि उसने राजीव चौक स्टेशन पर एक महिला को कचरा फेंकने से रोका, लेकिन उल्टा उस पर रुकावट डालने का जुर्माना लगा दिया गया। इन अनुभवों से साफ है कि मेट्रो जैसे सार्वजनिक स्थानों पर लोग अक्सर नियमों और सफाई का ध्यान नहीं रखते, जिससे दूसरों को परेशानी होती है। कुछ लोग इसे बुनियादी सुविधाओं की कमी मानते हैं तो कुछ इसे सिर्फ लोगों की आदत और लापरवाही का नतीजा बताते हैं।
डीएमआरसी ने नहीं दिया कोई जवाब
फिलहाल, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन डीएमआरसी ने इस घटना और वायरल वीडियो पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। लेकिन सोशल मीडिया पर चल रही बहस से यह साफ है कि लोग चाहते हैं कि मेट्रो में साफ-सफाई और अनुशासन पर सख्त ध्यान दिया जाए ताकि भविष्य में ऐसे मामले सामने न आएं।