नवरात्रि का त्योहार वैसे तो हर किसी के लिए खुशियां और भक्ति का समय होता है, लेकिन सच कहें तो ये मौका सिर्फ पूजा तक ही सीमित नहीं रहता। इस दौरान पंडालों में जो क्रिएटिविटी और आर्टवर्क देखने को मिलता है, वो भी लोगों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होता। दुर्गा पूजा पंडालों की यही खूबसूरती है कि हर साल लोग कुछ नया, अलग और हटके देखने की उम्मीद लेकर निकल पड़ते हैं। इस बार भी सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे पंडालों के वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं, जिन्हें देखकर आप दंग रह जाएंगे। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सबसे पहले बात करते हैं पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के उस पंडाल की, जिसने खूब सुर्खियां बटोरीं। यहां महिषासुर को किसी आम राक्षस के रूप में नहीं बल्कि अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रूप में दिखाया गया है। मूर्ति में ट्रंप जैसी गोरी स्किन सुनहरे बाल और चेहरे की हूबहू झलक दिखती है। आयोजकों का कहना है कि यह कोई यूं ही लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि अमेरिकी राष्ट्रपति की नीतियों के खिलाफ यह कलात्मक विरोध है। खासकर इंडियन प्रोडक्ट्स पर 50% का भारी टैरिफ लगाने पर लोगों का गुस्सा इस पंडाल में साफ झलकता है।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का कटा हुआ सिर बनाया गया
अब जरा फिर से मुर्शिदाबाद जिले की तरफ लौटते हैं क्योंकि यहां एक और पंडाल ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। इस बार पंडाल में बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस को महिषासुर के रूप में दिखाया गया है। इतना ही नहीं, देवी दुर्गा के हाथ में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का कटा हुआ सिर भी बनाया गया है। इस वीडियो ने इंटरनेट पर आग लगा दी और लोग इस पर जमकर अपनी राय दे रहे हैं। कुछ लोग इसे आर्टिस्टिक एक्सप्रेशन मान रहे हैं, तो कुछ इसे राजनीतिक रंग देने का आरोप लगा रहे हैं।
ऐसे पंडाल हुए वायरल
इंस्टाग्राम पर @ig_calcutta नाम के हैंडल ने इस साल के टॉप 5 पंडालों का वीडियो शेयर किया और लिखा, "ये वो पंडाल हैं जिन्हें आप इस साल मिस नहीं कर सकते।" इनमें कोलकाता और मुर्शिदाबाद के अलावा कई और खूबसूरत पंडाल शामिल किए गए। कुल मिलाकर, इस बार की दुर्गा पूजा सिर्फ भक्ति का ही नहीं बल्कि क्रिएटिविटी और समसामयिक मुद्दों को दिखाने का भी शानदार जरिया बन गई। कहीं राजनीति, कहीं बॉलीवुड और कहीं विदेशों की झलक – हर पंडाल में लोगों को नया अनुभव देने का प्रयास साफ नजर आता है। यही वजह है कि ये वीडियो सोशल मीडिया पर धड़ाधड़ वायरल हो रहे हैं।