सोशल मीडिया पर हर दिन तरह-तरह के वीडियो सामने आते रहते हैं। इनमें से कुछ हमें मुस्कुराने पर मजबूर कर देते हैं तो कुछ इतने दर्दनाक होते हैं कि उन्हें देखकर दिल भर आता है। हाल ही में एक ऐसा ही वीडियो वायरल हुआ है, जिसे देखकर लाखों लोगों की आंखें नम हो गईं। इस वीडियो में एक मासूम सा छोटा कुत्ता दिखता है, जिसे किसी ने बेहद क्रूरता से प्लास्टिक की थैली में बंद कर दिया था। इतना ही नहीं उसके मुंह पर टेप चिपकाकर उसे सड़क किनारे एक खंभे से बांध दिया गया था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि यह छोटा सा कुत्ता पूरी तरह से सहमा हुआ था। वह थैली के अंदर छटपटा रहा था और बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। उसके मासूम चेहरे पर डर साफ झलक रहा था। यह सोचकर ही दिल दहल उठता है कि आखिर कोई इंसान इतना निर्दयी कैसे हो सकता है कि एक जीवित प्राणी को इस हालत में छोड़ दे। अगर समय पर मदद न मिलती तो यह कुत्ता शायद जिंदा भी न बच पाता।
कुत्ते के साथ की बेरहमी
कुत्ते की यह हालत देखकर किसी भी इंसान का दिल पसीज सकता है। इंटरनेट पर इस वीडियो को देखने वाले लोग भी गुस्से से भर उठे और सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे। कई लोगों ने इसे इंसानियत पर धब्बा बताया तो कईयों ने लिखा कि ऐसे लोगों को सख्त सजा मिलनी चाहिए जो बेजुबान जानवरों के साथ इतनी बर्बरता करते हैं। लेकिन कहते हैं न कि दुनिया में अच्छे और बुरे दोनों तरह के लोग होते हैं। वीडियो में आगे एक ऐसा ही नेकदिल इंसान नजर आता है, जिसने समय रहते इस मासूम कुत्ते की जान बचा ली। वह शख्स धीरे-धीरे कुत्ते के पास पहुंचता है और बड़ी सावधानी से थैली को काटकर उसे बाहर निकालता है। उसके बाद वह कुत्ते के मुंह पर चिपकी टेप को हटाता है और पैरों पर बंधी रस्सियां भी खोल देता है।
व्यक्ति ने कुत्ते को छुड़ाया
कुत्ता बहुत डरा हुआ था, लेकिन उस व्यक्ति ने प्यार उसे शांत करने की कोशिश की। जब आखिरकार कुत्ता आजाद हुआ तो वह व्यक्ति उसे अपने घर ले गया। वहां उसने कुत्ते को नहलाया, साफ-सुथरा किया और फिर उसे खाना खिलाया। यह देखकर लोगों का दिल पिघल गया और उन्होंने उस इंसान की जमकर तारीफ की। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का जरिया नहीं है, बल्कि कभी-कभी यह ऐसी घटनाओं को सामने भी लाता है, जो हमें सोचने पर मजबूर कर देती हैं। एक ओर जहां कुछ लोग जानवरों के साथ निर्दयता दिखाते हैं, वहीं दूसरी ओर ऐसे भी लोग हैं जो इन्हें अपना परिवार समझकर इनकी मदद करते हैं।